Saturday, 29 August 2026

पुष्कर नगरपालिका के पूर्व पार्षद और उसके दोस्त को गोली मारी,एक की मौत


पुष्कर नगरपालिका के पूर्व पार्षद और उसके दोस्त को गोली मारी,एक की मौत


पुष्कर नगरपालिका के पूर्व पार्षद  और उसके दोस्त को गोली मार दी गई। घायलों को स्थानीय हॉस्पिटल में ले जाया गया। वहां से अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल रेफर किया गया। पूर्व पार्षद सवाई सिंह की हॉस्पिटल में मौत हो गई। वहीं उनके दोस्त राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी का इलाज चल रहा है। दोनों ही अजमेर के पलटन बाजार के रहने वाले हैं। पूर्व पार्षद पर पुरानी रंजिश में फायरिंग की बात सामने आ रही है।

शनिवार दोपहर करीब 1.45 बजे पूर्व पार्षद सवाई सिंह, उनके दोस्त दिनेश तिवाड़ी और खलील पुष्कर के बांसेली गांव स्थित युवराज फोर्ट रिसॉर्ट में बैठे थे। इस बीच तीन बदमाश वहां पहुंचे और फायरिंग करने लगे। पूर्व पार्षद के सिर में गोली लगी है। उनके दोस्त के पेट पर गोली लगी है। फायरिंग के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए। तीसरे को मौके से पकड़ लिया गया। इसका नाम सूर्य प्रताप सिंह है। इसका भाई धर्म प्रताप सिंह और उसका साथी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस ने सूर्य प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है। 31 साल पहले सूर्य प्रताप सिंह के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सवाई सिंह भी आरोपी था। बाद में कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था। अब पुलिस सूर्य प्रताप सिंह से पूछताछ कर रही है।

सूर्य प्रताप सिंह के कब्जे से पुलिस ने देसी कट्टा व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उसके खिलाफ पूर्व में 9 मुकदमे दर्ज हैं। 3 मुकदमों में वह सजा काट चुका है। पुलिस ने इस मामले में सूर्य प्रताप सिंह के भाई धर्म प्रताप के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। वारदात के समय वह मौके पर मौजूद था। धर्म प्रताप व अन्य साथी फरार हैं।




    Previous
    Next

    Related Posts