


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को प्रदेश के 2 दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। 3 जनवरी को वे जयपुर और माउंट आबू में अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। जबकि 4 जनवरी को पाली में स्टाउट-गाइड की राष्ट्रीय जंबूरी में शिरकत करेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु राजभवन में नवनिर्मित संविधान उद्यान एवं इससे जुड़े सौंदर्यीकरण कार्यों का 3 जनवरी, मंगलवार को लोकार्पण करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु राजभवन में कथौड़ी और सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मंगलवार प्रातः 11.20 बजे यहां स्थापित मयूर स्तम्भ, फ्लैग पोस्ट, गांधी प्रतिमा एवं महाराणा प्रताप की अपने घोड़े चेतक के साथ विश्रान्ति मुद्रा में स्थापित प्रतिमा का अवलोकन करेंगी। इसके पश्चात वे संविधान पार्क का लोकार्पण एवं अवलोकन करेंगी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल प्रतिपक्ष नेता गुलाबचन्द कटारिया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन शिरकत करेंगे।
आगंतुकों से कोविड-19 प्रोटोकॉल की पालना करने और फेस मास्क लगाकर कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजभवन की आधिकारिक वेबसाइट https://rajbhawan.rajasthan.gov.in पर एवं राज्यपाल मिश्र और राजभवन राजस्थान के ऑफिशियल फेसबुक पेज एवं यूट्यूब पर भी किया जाएगा ।
3 जनवरी को दोपहर में लंच के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से माउंट आबू रवाना होंगी। जहां वे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वह शामिल होंगी। आबू में ही रात्रि विश्राम करने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले दिन 4 जनवरी को जोधपुर जाएंगी, जहां से वे सड़क मार्ग के जरिए पाली के रोहट में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की राष्ट्रीय जंबूरी में शामिल होंगी।