Saturday, 29 August 2026

हल्दीघाटी की रज का तिलक कर डॉ. पूनियां और अर्जुनराम मेघवाल ने जन आक्रोश सभा का किया शंखनाद , पांच करोड़ से बनेगा महाराणा प्रताप का संग्रहालय


हल्दीघाटी की रज का तिलक कर डॉ. पूनियां और अर्जुनराम मेघवाल ने जन आक्रोश सभा का किया शंखनाद , पांच करोड़ से बनेगा महाराणा प्रताप का संग्रहालय

वीरता एवं शौर्य की धरती मेवाड़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने मिशन-2023 को लेकर हल्दीघाटी रक्ततलाई, वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप को नमन कर और हल्दीघाटी की रज का तिलक कर जन आक्रोश सभा का शंखनाद किया। 

डॉ. सतीश पूनियां ने मेवाड़ संस्थापक बप्पा रावल को नमन और भगवान एकलिंगनाथ महादेव की पूजा-अर्चना कर हल्दीघाटी में जन आक्रोश सभा का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। वहीं शाम को नाथद्वारा में डॉ. सतीश पूनियां एवं अर्जुनराम मेघवाल ने भगवान श्रीनाथ जी के दर्शन किए।

डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि किसान कर्जा माफी, भ्रष्टाचार, बिगड़ी कानून-व्यवस्था, पेपर लीक प्रकरण, माफियाओं का बढ़ता आतंक इत्यादि तमाम जनहित के मुद्दे हैं, जिनसे कांग्रेस सरकार के कुशासन में पूरे प्रदेश की जनता पीड़ित है l

डॉ. पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2023 में भाजपा का सूरज उदय होगा, प्रचंड कमल खिलेगा, तीन चौथाई बहुमत के साथ राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर हल्दीघाटी में चैत्री गुलाब की जो खेती होती है उसको बढ़ावा देने का कार्य भी किया जाएगा। जापान के प्रधानमंत्री को जब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवद् गीता भेंट की जो भारत का पवित्र ग्रंथ है और उसी तरह हल्दीघाटी की पवित्र धरती हमारे लिए अमूल्य उपहार है, जिसका तिलक लगाकर हमने जनविरोधी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है और इस पत्रित धरती से इस मिशन का आगाज किया है। 

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि कांग्र्रेस सरकार के कुशासन में हल्दीघाटी सहित सभी शौर्य स्थलों के विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है। राज्य सरकार वीर महापुरुषों के स्मारकों एवं शौर्य स्थलों  के संरक्षण एवं संवर्धन पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। हल्दीघाटी की इस वीर धरा से घोषणा करता हूं कि केंद्र के संस्कृति मंत्रालय की तरफ से पांच करोड़ की लागत से महाराणा प्रताप के बलिदान एवं शौर्य गाथाओं को लेकर संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा, जिसमें रक्ततलाई, चेतक समाधि सहित महाराणा प्रताप की वीरता से जुड़े हल्दीघाटी के शौर्य स्थलों को विकसित किया जाएगा। 

अर्जुन मेघवाल ने कहा कि इन विकास कार्यों पर केंद्र सरकार अस्सी प्रतिशत राशि खर्च करने को तैयार है और राज्य सरकार की ओर से बीस प्रतिशत राशि खर्च करने का प्रावधान है, लेकिन यदि राज्य सरकार अपने हिस्से की राशि खर्च नहीं करेगी तो हम भाजपा सांसदों एवं विधायकों के सहयोग से इस कार्य को पूरा करवाएंगे। 

कांग्रेस राज में बार-बार पेपर लीक से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा: दिया कुमारी

भाजपा की राजसमंद से सांसद दिया कुमारी ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन में बहन-बेटियां पूरे प्रदेश में असुरक्षित हैं, विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, किसानों एवं युवाओं के साथ वादा-खिलाफी हो रही है और बार-बार पेपर लीक से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। 

इस दौरान सुशील कटारा, प्रदेश उपाध्यक्ष हेमराज मीणा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, राजसमंद जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ, उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त चौहान, उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली, डूंगरपुर जिलाध्यक्ष प्रभु पंडिया, चित्तौडग़ढ़ जिलाध्यक्ष गौतम दक, राजसमंद प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, राजसमंद जिला जिला प्रमुख रतनी देवी एवं उप जिला प्रमुख, विधायक धर्मनारायण जोशी, सुरेंद्र राठौड़, दीप्ति माहेश्वरी, प्रताप गमेती, पूर्व विधायक हरिसिंह रावत, महिला मोर्चा प्रदेश अल्का मूंदड़ा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, वरिष्ठ नेता वीरेंद्र पुरोहित सहित मेवाड़ एवं वागड़ क्षेत्र के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थिति रहे।




Previous
Next

Related Posts