Saturday, 29 August 2026

मोदी की मां हीराबेन का निधन, पीएम मोदी सुबह 7:45 बजे अहमदाबाद पहुंचे, अंतिम संस्कार सुबह 10:30 बजे होगा,शाह,नड्डा,योगी ने ट्वीट कर जताया शोक


मोदी की मां हीराबेन का निधन,  पीएम मोदी सुबह 7:45 बजे अहमदाबाद पहुंचे, अंतिम संस्कार सुबह 10:30 बजे होगा,शाह,नड्डा,योगी ने ट्वीट कर जताया शोक


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 100 साल की थीं। हीराबा ने अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में तड़के 3:30 बजे अंतिम सांस ली। मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

 पीएम मोदी सुबह 7:45 बजे अहमदाबाद पहुंचे। यहां से वे सीधे गांधीनगर के रायसण गांव में भाई पंकज मोदी के घर गए। यहीं उनकी मां की पार्थिव देह रखी गई है। हीराबा का अंतिम संस्कार सुबह 10.30 बजे होगा।

 पीएम मोदी ने ट्वीट कर हीराबा के निधन की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर उन्होंने लिखा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम। मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।

मोदी ने आगे लिखा- मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से। हीराबा ने जून में ही अपना 99 वां जन्मदिन मनाया था। प्रधानमंत्री मोदी उस समय उनसे मिलने आए थे। उस दौरान पीएम ने हीराबा के पैर धोकर पानी अपनी आंखों से लगाया था।

गृह मंत्री अमित शाह ने  ट्वीट किया कि मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है। जिसे खोने का दुख नि:संदेह संसार का सबसे बड़ा दुख है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा नेलिखा कि- हीराबा जी का संघर्षपूर्ण व सात्विक जीवन सदैव प्रेरणादायक है, जिनके वात्सल्य व सत्यनिष्ठा से देश को यशस्वी नेतृत्व मिला। मां का जाना अपूरणीय क्षति है, इस रिक्तता की पूर्ति असंभव है।

गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि नरेंद्र भाई मोदी की माता पूज्य हीराबा के निधन से गहरा दुख हुआ। हीराबा उदारता, सादगी, कड़ी मेहनत और जीवन के उच्च मूल्यों के प्रतीक थीं। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट किया कि एक पुत्र के लिए मां पूरी दुनिया होती है। मां का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है। PM मोदी जी की पूज्य माता का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट किया  कि भक्ति, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी। नरेंद्र मोदीजी जैसे महान व्यक्तित्व को गढ़ने वाली मां के चरणों में सादर प्रणाम। पूज्य मां सदैव प्रेरणा बनी रहेंगी।

पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडूने ट्वीट किया  किपीएम के प्रति मेरी गहरी संवेदना हैं। उन्होंने कहा कि हीराबेन के साथ मोदी जी का रिश्ता अनमोल और अवर्णनीय है। हीराबेन मां की आत्मा को शांति मिले।


    Previous
    Next

    Related Posts