


सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक को लेकर राज्यपाल कलराज मिश्र ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल एक्शन प्लान बनाने को कहा है। राज्यपाल मिश्र ने कहा कि पेपर लीक होना लाखों युवाओं से छल है।
राज्यपाल मिश्र ने सीएम गहलोत से कहा कि लोक सेवा के लिए कर्मचारियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाना सरकार का संवैधानिक और नैतिक दायित्व है। राज्य सरकार स्तर पर इस बारे में तत्काल उचित एक्शन प्लान बनाकर उसका कठोरता से पालन करना होगा। राज्यपाल मिश्र ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक होना परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ छल है। इससे लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा हुआ है।
राज्यपाल मिश्र ने पेपर लीक करने में शामिल कोचिंग सेंटर्स, संगठित अपराधियों और भर्ती संस्थानों के पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। राज्यपाल मिश्र ने गहलोत को पेपर लीक प्रकरण और कोटा में कोचिंग संस्थाओं में छात्र-छत्राओं की बढ़ती आत्महत्या प्रकरणों में तत्कल कार्रवाई करने के लिए अलग से लेटर लिखे हैं।
राज्यपाल मिश्र ने कोटा में कोचिंग संस्थानों में लगातार छात्र-छात्राओं की आत्महत्या के मामलों पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार के स्तर पर एक्शन प्लान बनाने को कहा। राज्यपाल मिश्र ने कोचिंग संस्थाओं के प्रभावी नियंत्रण, फीस तय करने, स्टूडेंट में तनाव और दबाव रहित टीचिंग, साप्ताहिक अवकाश, उचित स्वास्थ्य देखभाल, योग और खेल के जरिए टेंशन मैनेजमेंट जैसे मुद्दों को शामिल करते हुए कुछ किए जाने के सुझाव दिए। राज्यपाल मिश्र ने स्किल यूनिवर्सिटी एक्ट में संशोधन किए जाने पर भी चर्चा की।