Saturday, 29 August 2026

कांग्रेस अधिवेशन में कार्यकर्ताओं ने सरकार को खरी-खरी सुनाई और कहा कि हमारी सुनो नहीं तो वर्ष 2023 में रिपीट सरकार,बजट के लिए दिए 16 सुझाव


कांग्रेस अधिवेशन में कार्यकर्ताओं ने सरकार को खरी-खरी सुनाई और कहा कि हमारी सुनो नहीं तो वर्ष 2023 में रिपीट सरकार,बजट के लिए दिए 16 सुझाव

बिना 400 ब्लॉक अध्यक्ष और 30 जिला अध्यक्षों के ही कांग्रेस ने अपने 138 वे स्थापना दिवस पर दूसरा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया। इस सम्मेलन में कहने को तो कार्यकर्ताओं और नेताओं से सरकार से बजट में क्या कुछ आम लोगों को दिया जाना चाहिए के लिए सुझाव देने के लिए बुलाया गया था। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने सरकार की कमियों को जमकर उजागर किया और कहा कि इन में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस का शासन फिर से रिपीट होना एक सपना ही रह जाएगा ।

अधिवेशन में प्रदेश सचिव गजेंद्र सांखला ने यूपी की कानून व्यवस्था अच्छा बताया और कहा कि राजस्थान की खराब कानून व्यवस्था  के चलते स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उन्होंने 8:00 बजे बाद भी धड़ल्ले से शराब बिकती है। देर रात शराब बिकने से अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाओं में इससे भय का माहौल पैदा होता है, वे अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं। 8:00 बजे बाद पुलिस के संरक्षण में शराब की दुकानें खुलती हैं। अपराधियों का बोलबाला होता है। पुलिस को इन पर अंकुश लगाना चाहिए।  

कांग्रेस के अधिवेशन में सचिन पायलट को बोलने का मौका नहीं दिया गया। पायलट को मंच पर जगह दी गई थी, लेकिन बजट पर सुझाव देने के लिए उन्हें भाषण देने का मौका नहीं देना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का मुद्दा बना हुआ है। इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। सचिन का स्वागत भी आखिर में किया गया। जब अधिवेशन की शुरुआत में सभी नेता मंच पर आए तो पायलट और डोटासरा के बीच कुछ चर्चा हुई थी।

कांग्रेस नेता नईमुद्दीन गुड्डू ने कहा कि मेरे क्षेत्र में जो एसडीएम लगा हुआ है। वह  राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघका आदमी है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मैंने  सीएम गहलोत से उस एसडीएम को हटाने के लिए कहा था। मुझसे  सीएम गहलोतने हां भी कही थी। आज 20 दिन हो गए, लेकिन वह एसडीएम वहीं पर लगा हुआ है। अब वह एसडीएम मुझे किसी के जरिए मैसेज करवा रहा है कि  सीएम गहलोत से शिकायत करवा मेरा क्या बिगाड़ दिया ? मैं तो यहीं पर हूं। जब इस तरह के हालात होंगे तो ग्राउंड पर बैठा कार्यकर्ता क्या महसूस करता होगा। 

यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विधायक गणेश घोघराने कहा कि जिस  अधिकारी को  तबादला करके जोधपुर भेजा उसे फिर से वही लगा दिया है। अगर इस तरह से  अधिकारी वर्ग हमारे विधायक और जनप्रतिनिधियों के साथ  दुर्व्यवहार  कर दे रहे। उन  अधिकारियों को वापस वहीं पर लाकर पोस्टिंग दे दी जाए तो क्या  संदेश जाएगा। मेरे खिलाफ घेराव वाले केस को भी अब तक वापस नहीं लिया। उल्टे जिस  अधिकारी के खिलाफ मैंने धरना दिया, उसे वापस वहीं लगा दिया।

प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा  ने कहा किहमारे जनप्रतिनिधि और हम तो काम कर रहे हैं, लेकिन  अधिकारी वर्ग सरकार की छवि और सरकार के कामकाज पर बट्टा लगाने का काम कर रही है। ऐसे में आप समझ लीजिए सरकार रिपीट कैसे होगी।

जैसलमेर जिला अध्यक्ष उम्मेद सिंह  ने कहा कि विधायकों के काम करते-करते सरकार को 4 साल हो चुके हैं अब तो कम से कम चुनावी साल में कार्यकर्ताओं की सुध ले लीजिए अगर आप भी कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हुई तो कब होगी।

कांग्रेस के मंत्री और विधायक अब हर महीने की 28 तारीख को 15 किलोमीटर पैदल चलेंगे। जनता की समस्याएं सुनकर उन्हें दूर करेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने अधिवेशन में बोल रहे थे।  उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की इच्छा के  अनुसार हमने आज से यह घोषणा की है कि सभी मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता 15 किलोमीटर पैदल चलकर जनता के बीच जाएंगे। सरकार की फ्लैगशिप योजना और केंद्र सरकार की विफलता के बारे में बताएंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि हम सबको 2023 में सरकार रिपीट करनी है। यह सरकार रिपीट तभी होगी जब हम सरकार की योजनाओं को भी बताएंगे। जिन कार्यकर्ताओं ने खून पसीना एक करके हमें यहां तक पहुंचाया, हमारी सरकार बनवाई अगर उन कार्यकर्ताओं की कोई दुख तकलीफ है तो उन्हें हमें ठीक करनी होगी। उनमें उत्साह का संचार करना होगा। चाहे उनके व्यक्तिगत काम हो, चाहे गांव के काम हों,वह सरकार में बैठे लोगों को करने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव सब के ऊपर हैं। संगठन को और ज्यादा सक्रिय होना पड़ेगा,सबको साथ देना होगा। यह मेरा तेरा, यह गुट वो गुट, यह जाति, यह सब बातें छोड़नी होगी। हमारी जाति एक है कांग्रेस पार्टी और हमारा मजहब एक है कांग्रेस पार्टी । हमारा काम एक है कि हम कांग्रेस पार्टी को मजबूत करें। हम कांग्रेस पार्टी के सभी भाइयों को साथ लेकर चलें और सबका सहयोग ले सबको साथ लेकर हम लोगों की सेवा करेंगे तो ऐसा कोई कारण नहीं है कि हम 2023 में ऐतिहासिक बहुमत के साथ रिपीट नहीं होंगे।

डोटासरा ने कहा, हमें पूरा भरोसा है हमारे प्रभारी और हमारे अध्यक्ष खाली पड़े संगठन के पदों पर जल्द नियुक्ति करेंगे। जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और 22 मंडल जो हम ने बनाए हैं उनकी कार्यकारिणी को पदाधिकारी जल्दी से बन जाएं। अगर ये पदाधिकारी 26 जनवरी से पहले बनते हैं तो इसका फायदा हमें हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में भी मिलेगा।

कांग्रेस के अधिवेशन में दिन भर चर्चा के बाद सरकार को 16 सुझाव दिए गए हैं। कांग्रेस ने पेपर लीक मामलों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान करने, नए जिले बनाने, बजट में व्यापारियों पर कोई नया टैक्स नहीं लगाने सहित 16 सुझाव दिए हैं।

आने वाले बजट में रसोई गैस की कीमतों में कमी करने,युवाओं के लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा करें,पेपर लीक करने वालों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई के प्रावधान किए जाएं,इंदिरा रसोई की संख्या  बढ़ाने औरमेडिकल और शिक्षा संस्थानों में सुविधाएं और बढ़ाई जाए। अधिवेशन में कार्यकर्ताओं ने सुझाव देते हुए कहा कि किसानों के फायदे की योजना का आकार दोगुना कर बढ़ाया जाए, उपकरण और सिंचाई यंत्र की संख्या बढ़ाई जाए । खाले और डिग्गी की संख्या और अनुदान बढ़ाने और युवाओं के लिए भी ग्रामीण ओलिंपिक की तर्ज पर महोत्सव आयोजित किए जाएं।  अधिवेशन में सुझाव दिया गया कि एससी एसटी के लिए और ज्यादा फंड दिया जाए,बारिश के कारण सड़कें खराब हुई है आने वाले बजट में भी सड़क निर्माण के लिए योजनाएं बनाएं,बजट में कोई नया कर नहीं लगाया जाए,सामाजिक सौहार्द कायम रहे इसके लिए कदम उठाएं,पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और अधिक मजबूत किया जाए,प्रशासनिक इकाइयों की संख्या और बढ़ाई जाए,कृषि और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को और अधिक राहत दी जाए, महंगाई से राहत के लिए लोक कल्याणकारी योजनाएं बनाई जाए,फ्लोराइड की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बजट में योजनाएं का प्रावधान किया जाए



Previous
Next

Related Posts