

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्रीऔर प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने कहा कि कांग्रेस के चार वर्ष के शासन में कुशासन, भ्रष्टाचार एवं जंगलराज चल रहा है और गहलोत सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है। आम जनता राजस्थान की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
सिंह ने चित्तौड़गढ़ और वल्लभनगर विधानसभा में जन आक्रोश महासभा में रविवार को अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान का युवा कई महीने तैयारी करने के बाद परीक्षा देने जाता है, परंतु परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है। चाहे रीट पेपर लीक घोटाला, वनरक्षक पेपर लीक घोटाला, आरपीएससी पेपर लीक घोटाले हो रहे है, गहलोत सरकार में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक सरकार के संरक्षण में हो रहें है। युवाओं के भविष्य पर पेपर लीक कर हथोड़ा चलाने, युवाओं के भविष्य पर पेपर लीक कर डाका डालने का कार्य गहलोत सरकार ने किया है, इसलिए युवाओं में आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में चोरी, लूट खसोट, महिलाओं पर अत्याचार एवं भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस के कुशासन का जनता 2023 के विधाानसभा चुनाव में ऐसा सफाया करेगी की इतिहास में कांग्रेस के पास ऐसी सीटें कभी नहीं आयी होगी।
अरूण सिंह ने कहा कि कांग्रेस के विधायक और मंत्री कह रहे है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में एक फार्च्यूनर में आने वाले विधायक ही जीत पाएंगे। कांग्रेस को जनता की चिंता नहीं है, अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है। राजस्थान महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार, बेरोजगारी में नंबर वन है। देश में डीजल एवं पेट्रोल का सबसे ज्यादा वैट की दर अगर किसी राज्य में है तो वह राजस्थान में है। कांग्रेस ने झूठ की फैक्ट्री लगा रखी है। चित्तौड़गढ़ विधानसभा सहित जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को रिकार्ड मतों से जिताने का संकल्प दिलाया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी ने कहा कि आज जनता में कांग्रेस सरकार की कर्ज माफी एवं वादाखिलाफी के कारण जनता में आक्रोश है। कांग्रेस ने कहा था कि बिजली के दाम नहीं बढ़ेंगे लेकिन कई बार बिजली के दाम बढ़ा दिए, इसलिए किसानों में आक्रोश है। कांग्रेस ने कहा था कि हम सुशासन देंगे परंतु यह कैसा सुशासन है जहां सरेआम रतनलाल की हत्या हो जाती है, जनजाति वर्ग की बच्ची के साथ अत्याचार होता है इसलिए जनता में आक्रोश है।
महासभा में प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी हेमराज मीणा, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, भाजपा जिलाध्यक्ष चित्तौड़गढ़ गौतम दक, उदयपुर जिलाध्यक्ष चन्द्रगुप्त सिंह चौहान इत्यादि भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहें।