Saturday, 29 August 2026

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के लिए वरदान साबित हो रही है : गहलोत


राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के लिए वरदान साबित हो रही है :  गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने एनडीए सरकार को हिला कर रख दिया है। पीएम मोदी और अमित शाह घबरा गए हैं। नड्डा साहब और  भाजपा वाले विचलित हो गए हैं।  सीएम गहलोत ने आरोप लगाया कि इन्होंने मीडिया पर दबाव बनाया है, जिस वजह से यात्रा से जुड़ी ख़बरें दिल्ली  के अंग्रेजी मीडिया नहीं दिखा रहा है। यह यात्रा सामाजिक सरोकार के लिए है। महंगाई, बेरोज़गारी और नॉन वायलेंस की बात करते हुए राहुल गांधी निकल पड़े हैं। लोगों का ज़बरदस्त समर्थन यात्रा को मिल रहा है। यात्रा 3 बजे शुरू होने वाली होती है, फिर भी लोग 12 बजे से ही आकर लाइन में खड़े हो जाते हैं। ये यात्रा के संदेश को दिखाता है।

मंगलवार को अलवर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के लिए वरदान साबित हुई है। यात्रा का जो उद्देश्य है, महंगाई से लोगों को राहत दिलाना, उसी हिसाब से राजस्थान की सरकार भी काम कर रही है।‌ हमने 500 में गैस सिलेंडर देने का वादा किया। चिरंजीवी, पेंशन, शहरी मनरेगा, उड़ान एवं पुरानी पेंशन योजना का ज़िक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि इनसे लोगों को महंगाई से राहत मिली है। हम इन योजनाओं को आधार बनाएंगे और आने वाले बजट में इनमें जो कमियां हैं उन्हें दूर करने का प्रयास करेंगे। 

सीएम गहलोत ने कहा कि योजनाएं बनाना और उनका सफल क्रियान्वयन, दोनों दो तरह की चीजें होती हैं। ये 5 योजनाएं सफल हुई हैं। सामाजिक सुरक्षा का हमने जो थीम रखा है, वो आगे भी चलता रहेगा। राजस्थान सरकार जल्द ही ओला, उबर, स्विगी जैसे ऐप के माध्यम से काम कर रहे गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा के लिए भी एक स्कीम बनाएगी, ताकि कंपनियां इनके साथ मनमानी ना कर सकें। ऐसा करने वाला राजस्थान पहला राज्य होगा। 

भाजपा पर हमला बोलते हुए  सीएम गहलोत ने कहा कि वह किसानों की कर्ज़ माफी को लेकर भ्रम फैलाते हैं। हम उनसे कहना चाहते हैं कि झूठ बोलना छोड़ो। झूठ बोलना पाप है, एक पुरानी कहावत है। इसके बाद उन्होंने कुछ आंकड़े रखे, जिसमें किसानों के लाखों रुपए की कर्ज़ माफी हुई है। सीएम गहलोत ने आगे कहा कि करोना कि दौरान हमारी सरकार ने लाखों लोगों की मदद की। कोई भूखा ना सोए, यह हमारा प्रयास था। अब जाकर सुप्रीम कोर्ट ने भी यही निर्णय दिया है कि कोई भूखा ना सोए, सरकार यह सुनिश्चित करें।  सीएम गहलोत ने कहा कि यात्रा के दौरान जो मुद्दे सामने आए हैं हम उन पर भी काम करेंगे। राहुल गांधी ने अंग्रेजी स्कूलों की संख्या बढ़ाने को कहा है। हम पूरे राजस्थान में अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों का जाल बिछा देंगे।

सीएम गहलोत ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का वोट की राजनीति से कोई सीधा संबंध नहीं है, लेकिन राजनीति में हम धरना प्रदर्शन भी करते हैं तो उसका एक मैसेज होता है। इस यात्रा का भी एक संदेश है। राहुल गांधी यात्रा के माध्यम से अपना संदेश देने में सफल हुए हैं। यात्रा के दौरान हजारों वैसे लोग आए जिन्हें इसके थीम से प्यार है। लोगों का मानना है कि बेरोज़गारी, महंगाई कम होनी चाहिए, अहिंसा की राह पर चलना चाहिए, संविधान बचेगा तो देश बचेगा।

सीएम गहलोत ने कहा कि पहले एजेंसियों पर सिर्फ दबाव था, अब उन्हें डर लगता है। चुनाव से पहले कहां-कहां छापेमारी करनी है, ऊपर से लिस्ट दी जाती है। विपक्षी पार्टियों को जो चंदा देने वाले लोग होते हैं उन्हें चिन्हित करके डराया जाता है। आज एकतरफा खेल चल रहा है। इसे देश को और देशवासियों को समझना होगा। अगर नहीं समझेंगे तो तकलीफ़ में आएंगे। लोकतंत्र को सुरक्षित रहना बहुत जरूरी है। कांग्रेस ने इसकी रक्षा की है। 'लोग क्या कहेंगे' कांग्रेस इस आधार पर सरकार चलाती थी। हमारे समय में मुख्यमंत्रियों के इस्तीफ़े हुए, रेल मंत्री के इस्तीफ़े हुए, लेकिन क्या आपने कभी भाजपा की सरकार में सुना है कि किसी का इस्तीफ़ा हुआ।




Previous
Next

Related Posts