


जगद्गुरु कृपालु महाराज की प्रचारिका सुश्री श्रीधरी दीदी के 11 दिवसीय विलक्षण दार्शनिक प्रवचन एवं रसमय संकीर्तन का आयोजन मानसरोवर, शिप्रापथ स्थित 'अग्रसेन सामुदायिक भवन में किया है। इस प्रवचन श्रंखला का आयोजन 22 दिसंबर से 1 जनवरी तक प्रतिदिन सायं 6:00 से 7:30 बजे तक किया जाएगा। जगद्गुरु के कृपा प्रसाद से ही उनकी विदुषी प्रचारिका सुश्री श्रीधरी जी उनके समस्त शास्त्रों, वेदों एवं अन्यान्य धर्मग्रन्थों के सार स्वरूप विलक्षण दार्शनिक सिद्धान्त "कृपालु भक्तियोग तत्वदर्शन" को अपने ओजस्वी धारावाहिक प्रवचनों के माध्यम से जन-जन में प्रचारित करते हुए जीवों को राधाकृष्ण की निष्काम भक्ति की ओर प्रेरित कर रही हैं। वे इस 11 दिवसीय धारावाहिक प्रवचन श्रंखला में समस्त शास्त्रीय प्रमाणों, तर्कों एवं दैनिक उदाहरणों द्वारा जीव का स्वरूप एवं लक्ष्य, भगवान से जीव का संबंध, मानव देह का महत्व एवं क्षणभंगुरता, भगवत्कृपा, शरणागति, वैराग्य एवं संसार का स्वरूप, गुरुतत्व, रूपध्यान, कर्मयोग, ज्ञानयोग इत्यादि विषयों पर प्रकाश डालते हुए भक्तियोग की उपादेयता सिद्ध करके शीघ्र लक्ष्य दिलाने वाली साधना का निरूपण करेंगी।