


राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के वार्षिक चुनाव में महेन्द्र शांडिल्य को अध्यक्ष व बलराम वशिष्ठ को महासचिव के पद पर शनिवार को निर्वाचित किया गया। चुनाव संचालन समिति के चुनाव अधिकारी दिनेश चन्द्र शर्मा (वशिष्ठ) ने बताया कि अध्यक्ष पद पर महेन्द्र शांडिल्य ने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रहलाद शर्मा को 542 मतों से पराजित किया। महेन्द्र शांडिल्य को 1621 मत मिले, जबकि प्रहलाद शर्मा को 1079 मत मिले। वहीं महासचिव पद पर बलराम वशिष्ठ ने डॉ.संजय खेदड़ को नजदीकी मुकाबले में 108 मतों से हराया। बलराम को 1292 व संजय को 1184 मत मिले थे। चुनाव अधिकारी गोरधन सिंह फौजदार व परेश चौधरी ने बताया कि चुनाव में उपाध्यक्ष के दो पदों पर नरेन्द्र कुमार तिवाड़ी व श्रवण सैनी को विजेता निर्वाचित किया और संयुक्त सचिव के पद पर देवांग चतुर्वेदी विजेता रहे। कोषाध्यक्ष के पद पर हितेश मिश्रा, लाइब्रेरी सचिव पद पर प्रमिला शर्मा, संयुक्त लाइब्रेरी सचिव के पद पर नरेन्द्र शर्मा व सामाजिक सचिव के पद पर शिल्पा शर्मा निर्वाचित हुए। गौरतलब है कि शुक्रवार को हुए बार एसोसिएशन चुनाव में 5259 मतदाताओं में से 4494 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। चुनाव के बाद मतपेटियों को पुलिस की सुरक्षा में रखा गया था और शनिवार को मतगणना के लिए खोला गया। पहले बार के अध्यक्ष व महासचिव सहित अन्य पदाधिकारियों के पदों के लिए मतगणना हुई और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए बाद में मतगणना हुई। चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। चुनाव करवाने के लिए दो सौ वकीलों की चुनाव टीम भी बनाई गई। कार्यकारिणी के 8 पदों पर ये हुए निर्वाचित : बार एसोसिएशन चुनाव में कार्यकारिणी के आठ पदों के लिए 29 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा, जिनमें से आठ पदों पर मनीष सिंह तोमर, अभिषेक शर्मा, अंजनी कुमार शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, कमलेश शर्मा, जगदीश नागर, सतीश कुमार बलवदा व समीर शर्मा को निर्वाचित किया गया।