


जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर अल्बर्ट हॉल म्यूजियम का नाम बदला जा सकता है। ऐतिहासिक पर्यटन स्थल का नाम बदलने की तैयारी गहलोत सरकार में जोरों पर चल रही है। इसके संकेत गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मीडिया विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिए।
दौसा के लालसोट में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें राहुल गांधी शामिल होंगे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा है कि अल्बर्ट हॉल का नाम बदला जाए, अल्बर्ट क्वीन विक्टोरिया के पति थे और आज 2022 में अल्बर्ट नाम होना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी बात की और उन्हें नाम बदलने को कहा है, मैं समझता हूं कि शीघ्र इसका नाम बदला जाएगा।
जयपुर के अल्बर्ट हॉल का बदले जाने के बयान को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है कि जयराम रमेश के बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। जयराम रमेश की इच्छा पर गहलोत सरकार अल्बर्ट हॉल का नाम बदलेगी या नहीं इस पर भी अब चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। चर्चा यह भी है कि अगर अल्बर्ट हॉल का नाम बदला जाता है तो फिर इस ऐतिहासिक इमारत का नाम किसके नाम पर होगा ?