


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की बात कहने वाले मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की जमानत याचिका खारिज करते हुए कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। इसके बाद कोर्ट से बाहर निकलने के दौरान पटेरिया ने विक्ट्री साइन दिखाया। पुलिस ने पटेरिया को मंगलवार सुबह 5.30 बजे उनके घर से गिरफ्तार किया। पटेरिया अपने गृहनगर दमोह के हटा में थे। पुलिस ने उन्हें यहीं से गिरफ्तार किया।
पटेरिया जब कोर्ट से बाहर निकल रहे थे तो उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया और कहा, ये विचारधारा की लड़ाई है। मैंने वो शब्द नहीं कहे थे। मैं महात्मा गांधी का अनुयायी हूं। इससे पहले 11 दिसंबर को उन्होंने एक सभा में कहा था, 'अगर लोकतंत्र को बचाना है तो मोदी की हत्या को तत्पर रहो। इन द सेंस हराने का काम करो।'
गिरफ्तारी के बाद पुलिस पटेरिया को जेएमएफसी कोर्ट पवई लेकर पहुंची। इससे पहले मेडिकल चेकअप के लिए पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। प्रथम श्रेणी न्यायालय ने पटेरिया की जमानत अर्जी खारिज कर दी। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
उनके इस बयान पर भाजपा हमलावर हो गई। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को पटेरिया पर एफआईआर के निर्देश दे दिए। इसके बाद पन्ना के पवई थाने में मामला दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए हैं।
पटेरिया ने अपने बयान पर सोमवार की रात को माफी मांग ली। इससे पहले पटेरिया ने कहा कि'मैं गांधी को मानने वाले हूं और गांधी को मानने वाला हत्या की बात नहीं कर सकता। मेरा वीडियो गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।'
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि इस प्रकार के बयान की मैं कड़ी निंदा करता हूं। कांग्रेस का रास्ता महात्मा गांधी का रास्ता है। मामला कोर्ट में है। हमने पटेरिया को 3 दिन में जवाब देने नोटिस दिया है।