Saturday, 29 August 2026

17 दिसंबर से मनेगा सीएम गहलोत सरकार के 4 साल का जश्न,12 दिन तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम, कल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार


17 दिसंबर से मनेगा सीएम गहलोत सरकार के 4 साल का जश्न,12 दिन तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम, कल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार के चार साल पूरे हो रहे हैं। सीएम गहलोत ने अपने चार साल के कार्यकाल का 17 दिसंबर से 28 दिसंबर तक जश्न  मनाने का फैसला किया है। 17 से 28 दिसंबर तक  प्रदेश के हर जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीएम गहलोत ने तय किया है कि अपनी फ्लैगशिप योजनाओं के साथ-साथ सभी विभागों में चार साल में हुए कामों को हर गांव तक लोगों के बीच  पहुंचाया जाए।

सोमवार को मुख्य सचिव ऊषा शर्मा ने सभी जिलों के कलक्टरों और सभी विभागों के सचिवों को अलग-अलग आदेश जारी कर चार साल के कार्यक्रमों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

17 दिसंबर को जयपुर में जवाहर कला केंद्र में विकास प्रदर्शनी की शुरुआत करके इन कार्यक्रमों का आगाज किया जाएगा।  सीएम गहलोत 17 को प्रेस कांफ्रेस करेंगे जिसमें वे अपनी सरकार के चार साल का लेखा-जोखा रखेंगे। 17 से 28 दिसंबर के बीच सरकार प्रमुख 28 विभागों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी। इसमें श्रम एवं रोजगार विभाग, खान व पेट्रोलियम विभाग, यूडीएच, ग्रामीण विकास व पंचायतीराज, पर्यटन विभाग, सूचना व प्रौद्योगिकी, कृषि, पीएचईडी, शिक्षा, उद्योग, पीडब्लूडी, स्वायत्त शासन, सामाजिक न्याय व अधिकारिता, चिकित्सा, ऊर्जा, सहकारिकता, महिला व बाल विकास, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम हेरिटेज और ग्रेटर, आवासन मंडल, वन विभाग, खाद्य विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क, गृह विभाग, परिवहन, आयोजना विभाग और पशुपालन विभाग में हुए विकास कार्यों को शामिल किया जाएगा।

29 फ्लैगशिप योजनाओं पर रहेगा फोकस

सरकार अपनी फ्लैगशिप योजनाओं के दम पर अगले चुनाव में उतरने के दावे करती रही है। चार साल के कार्यकाल में इन योजनाओं में हुए काम और इनके जरिए लोगों को पहुंचाए फायदों के आंकड़े भी सरकार लोगों तक पहुंचाने के प्रयास में है। सरकार ने चार साल के कार्यकाल के कार्यक्रमों में जिन योजनाओं का प्रचार करेंगी इनमें 29 योजनाएं शामिल की गई हैं।

19 से 26 दिसंबर तक स्कूल-कॉलेजों में क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में मॉडल स्टेट राजस्थान और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर क्विज और वाद विवाद प्रतियोगिता कराई जाएंगी। बच्चों के आयु और क्लास के अलग-अलग वर्ग बनाकर इन दोनों विषयों पर निबंध प्रतियोगिताएं भी हाेंगी। इनमें शामिल होने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

22 से 24 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों पर विकास प्रदर्शनी, प्रभारी मंत्री करेंगे प्रेस कांफ्रेंस

सभी जिला मुख्यालयों पर जिला प्रभारी मंत्री विकास प्रदर्शनी की शुरुआत करेंगे। इस प्रदर्शनी में सभी प्रमुख विभागों की ओर से जिले में कराए गए विकास कार्यों को दिखाया जाएगा। साथ ही इन विकास कार्यों के जरिए लोगों को मिले फायदे के आकंड़े प्रदर्शित किए जाएंगे। लगातार तीन दिन तक सभी जिला मुख्यालयों पर संबंधित जिले के प्रभारी मंत्री प्रेस कांफ्रेस करके सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे।

11,283 ग्राम पंचायतों में लाभार्थी संवाद कार्यक्रम​​​​​​​​​​​​​

प्रदेश की 11 हजार 283 ग्राम पंचायतों में 22 से 28 दिसंबर तक ग्राम सभाएं होंगी। इनमें जिला स्तरीय और ब्लॉक स्तर के अधिकारी गांव के लोगों को सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों की जानकारी देंगे। इस दौरान लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम होंगे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी लोगों को वितरित की जाएगी।


Previous
Next

Related Posts