


भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री की शपथ ली। गांधीनगर सचिवालय के हेलीपैड ग्राउंड में राज्यपाल ने दोपहर 2 बजे उन्हें पद की शपथ दिलाई। भूपेंद्र पटेल के बाद 16 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें आठ कैबिनेट, दो स्वतंत्र प्रभार और छह राज्यमंत्री हैं।
शपथ के बाद प्रधानमंत्री ने मंच पर झुककर लोगों को प्रणाम किया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा शासित राज्य यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे, असम के सीएम सहित विभिन्न मुख्यमंत्री मौजूद थे। 200 अधिक साधु संत भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहे।
गुजरात के पटेल पाटीदार समुदाय से इकलौते नेता हैं, जो लगातार दूसरी बार सीएम बन रहे हैं। उन्हें 15 महीने पहले विजय रुपाणी की जगह गुजरात की जिम्मेदारी दी गई थी। भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट में हार्दिक पटेल को जगह नहीं मिली।
चुनाव से पहले गुजरात में लगातार सभाएं करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटेल की शपथ से एक दिन पहले अहमदाबाद पहुंचे। वहां उन्होंने रोड शो किया। देर रात होने के बावजूद लोग मोदी के स्वागत में खड़े नजर आए। मोदी ने भी अपनी कार की रफ्तार धीमी करके लोगों का अभिवादन किया।