

भरतपुर जिले के गांव नगला मेदसिंह में रविवार रात पत्नी के प्रेम प्रसंग से नाराज पति ने पत्नी में अवैध कट्टे से गोली मारी और चाकुओं से गोद दिया। गंभीर हालत में पत्नी को कैला देवी झील पीएचसी से जिला अस्पताल रैफर किया गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल घटना में फायरिंग की पुष्टि नहीं कर पा रही है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि गांव नगला मेदसिंह निवासी बबली सैन का गांव के ही एक दूसरी जाति के युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। करीब डेढ़ माह पहले बबली उसी युवक के साथ अपने घर से चली गई थी। 2 दिन पहले ही पुलिस ने बबली को युवक के साथ नागौर से हिरासत में लिया था । बबली ने अपने बयानों में अपने पति के साथ जाने की इच्छा जाहिर की थी। इस पर पुलिस ने उसे उसके पति के सुपुर्द कर दिया था। पत्नी की बेवफाई से पति नाराज चल रहा था। इसी बात को लेकर पति रामकिशोर सैन ने रविवार रात करीब 9 बजे घर पर ही अवैध कट्टे से बबली की पीठ में गोली मार दी और उसे चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल बबली को पहले झील पीएचसी ले जाया गया, लेकिन वहां से उसे तत्काल जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया ।
बयाना थाने के एसएचओ हरि नारायण मीना ने बताया कि पति ने पत्नी पर हमला किया है। पत्नी के शरीर पर चाकुओं के तो स्पष्ट निशान हैं। लेकिन गन शॉट के बारे में डॉक्टर ही बता सकते हैं। फिलहाल घायल पत्नी को जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।