


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा बनाए गए भारत के सशक्त एवं मजबूत संविधान से ही आज देश की लोकतंत्र प्रणाली अच्छी तरह से संचालित हो रही है। हमारे संविधान में महिलाओं, दलितों और आदिवासियों को समानता और मतदान का अधिकार दिया है।
मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, शहर सांसद रामचरण बोहरा और डॉ. बीआर अंबेडकर जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष पूर्व आईएएस एलसी असवाल ने बाबा साहेब के छायाचित्र के सामने दीप प्रज्जवलित कर रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ किया। असवाल ने अतिथियों को साफा और माला पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में मोहल्ला कमेटियों के मार्फत सांगानेर आसपास क्षेत्र से, अजमेर रोड बगरू क्षेत्र, खो-नागोरियन, झालाना, खातीपुरा, वाटिका सहित अन्य इलाकों से महिलाओं ने भाग लिया।
डॉ. बीआर अंबेडकर जयंती समारोह समिति की ओर से रविवार को अंबेडकर सर्किल के सामने यूथ हॉस्टल में संविधान कथा का आयोजन किया गया। नागपुर से आए कथावाचक अनिरूद्ध शैवाले और उनकी टीम ने संविधान कथा की संगीतमय प्रस्तुति दी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि भारत के संविधान की आज पूरी दुनिया में अलग पहचान है। बाबा साहेब ने दिन-रात मेहनत करके देश का संविधान बनाया था। उस संविधान से ही हमारे देश की न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका मजबूती से काम कर रही है। समिति के अध्यक्ष पूर्व आईएएस एलसी असवाल ने कहा कि डॉ.अंबेडकर ने अच्छे संविधान की रचना कर देश की लोकतांत्रिक प्रणाली का संचालन किया है। यह हमारे देश के लिए गौरव की बात है। बाबा साहेब के बताए हुए रास्ते पर चलने से ही देश तरक्की कर रहा है।