


भारत जोड़ो यात्रा का सातवां दिन रविवार शाम करीब सात बजे पूरा हुआ। बूंदी के लाखेरी में यात्रा पहुंची है। दूसरे चरण में रविवार शाम को राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी चल रहे थे। इनके साथ राहुल की भांजी और प्रियंका की बेटी मिराया भी थीं। राहुल गांधी की यात्रा का शाम का फेज पौने दो घंटे की देरी से शुरू हुआ और पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग से यात्रा लाखेरी तक 6.5 किलोमीटर का सफर तय किया। आज यात्रा कुल 19 किलोमीटर चली।
इससे पहले सुबह के फेज में राहुल अचानक हाईवे किनारे बने एक घर में घुस गए। तब यात्रा बूंदी जिले के देहिखेड़ा गांव से गुजर रही थी। घर में 8 साल की बच्ची अक्षिता मिली। बचपन से ही उसकी गर्दन टेढ़ी है। राहुल ने फौरन मंत्री अशोक चांदना को बुलवाया। बच्ची का इलाज करवाने के लिए कहा। राहुल ने बच्ची की मां ममता गोचर से कहा कि इस बीमारी की एक थेरैपी होती है, जिससे इसे आराम मिलेगा। यह ठीक हो जाएगी। राहुल ने अक्षिता और उसके भाई को चॉकलेट भी दी।
राहुल गांधी के शिमला दौरे के कारण रविवार की शाम की यात्रा में देरी हो गई है। 3.30 बजे शुरू होने वाली यात्रा शाम पौने पांच बजे तक शुरू नहीं हुई थी। राहुल गांधी कुछ देर में पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचने वाले थे। शाम को अब यात्रा लाखेरी तक 5 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
भारत जोड़ो यात्रा को लाखेरी के पास पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग को पार करके शुरुआती प्वाइंट रखा गया है। पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग मुंबई-दिल्ली रूट पर होने के कारण औसतन हर 20 मिनट में एक ट्रेन गुजरती है। अगर यात्रा को क्रॉसिंग से पार करवाया जाता तो ट्रेन गुजरने का समय हो जाता। ट्रेन रोकने में कई तरह की तकनीकी दिक्कतें थीं। इसलिए यात्रा को पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग को पार करके आगे से शुरू किया गया।