Saturday, 29 August 2026

नेपाली लड़कियों की तस्करी, जयपुर एयरपोर्ट से दो को किया रेस्क्यू,नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली लाए, फिर भेज रहे थे दुबई


नेपाली लड़कियों की तस्करी, जयपुर एयरपोर्ट से दो को किया रेस्क्यू,नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली लाए, फिर भेज रहे थे दुबई

नेपाली लड़कियों की तस्करी का मामला सामने आया है। रविवार सुबह 4 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर दो नेपाली युवतियाें को रेस्क्यू किया। दोनों युवतियाें को जबरदस्ती दुबई ले जाया जा रहा था। दोनों को नेपाल से दिल्ली नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाया गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर सख्ती होने के कारण इन्हें जयपुर लाया गया।

एयरपोर्ट थानाधिकारी दिगपाल ने बताया कि मानव तस्करी को लेकर काम कर रही एनजीओ मिशन मुक्ति फाउंडेशन के वीरेंद्र सिंह को इसकी जानकारी मिली थी। उन्होंने शनिवार रात 11बजे डीसीपी ईस्ट राजीव पचार को नेपाली युवतियों को जबरन दुबई भेजे जाने की सूचना दी। डीसीपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए एयरपोर्ट थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने दोनों युवतियों को आदर्श नगर स्थित सेवा सदन में रखा है। जहां पर दोनों ही युवतियों की काउंसलिंग की जा रही है। मिशन मुक्ति फाउंडेशन के वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दिल्ली में नौकरी के लिए पहुंची इन लड़कियों को जब पता चला कि इन्हें दुबई भेजा जा रहा है तो इन्होंने अपने परिवार से संपर्क करने की कोशिश की। कॉल नहीं लगे। ये लड़कियां जयपुर पहुंच कर एक होटल में रुकी थी। वहां से वाई फाई कनेक्ट करने पर इन लड़कियों ने फोन कर अपने परिवार को जानकारी दी।

जयपुर एयरपोर्ट पर रेस्क्यू करने के बाद दोनों की इमिग्रेशन टीम, जयपुर पुलिस, नेपाल एंबेसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काउंसलिंग की। काउंसलिंग के दौरान पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आई। काउंसलिंग में सामने आया कि नेपाल में रहने वाली एक महिला के संपर्क में दोनों आई थीं। अच्छी नौकरी की तलाश में नेपाल में रहने वाली महिला तस्कर ने दोनों को दिल्ली भेज दिया। लेकिन एनजीओ और जयपुर पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करी होने से बच गई। 

रेस्क्यू हुई लड़कियों ने बताया कि नेपाल से आने के बाद जिस होटल में उन्हें 7 दिन रखा गया वहां पर 12 लड़कियां थी। इन लड़कियों को भी हिंदी भाषा नहीं आती थी। केवल नेपाली भाषा में ही बात करते थे। इन लड़कियों से बातचीत में पता चला कि उन्हें भी दिल्ली में नौकरी दिलाने के लिए लाया गया हैं। उन लड़कियों का भी पासपोर्ट बनाया जा रहा था। लड़कियों से मिली इस जानकारी के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लड़कियों के सम्पर्क में हैं।



Previous
Next

Related Posts