


जोधपुर जिले के शेरगढ़ थानान्तर्गत भुंगरा गांव में गुरुवार को शादी समारोह में आग लगने के बाद गैस के दो सिलेंडर फटने के बाद 2 महिला, 3 बालिकाओं सहित 8 लोगों की शुक्रवार को मौत हो गई। हादसे में अब 47 जने अभी भी महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सुबह अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उपचार के निर्देश दिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंभीर घायल भुंगरा गांव निवासी चन्द्र कंवर, धापू कंवर, कंवरू कंवर, धापू और प्रकाश कंवर की मृत्यु हुई है। जबकि भुंगरा निवासी खुशबू कंवर और रतनसिंह की गुरुवार को मौत हो गई थी।
हादसे में दुल्हा सुरेन्द्र सिंह, उसके पिता सगतसिंह और मां धापू कंवर भी झुलस गए थे. इन तीनों के साथ 61 जनें झुलसा थे. 8 जनों की मौत हो गई। जबकि 47 अभी भी महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती है. इनमें से 20 की हालत गंभीर बताई जाती है।
हादसे को लेकर सीएम गहलोत शुक्रवार सुबह विशेष विमान से जोधपुर पहुंचे। वे सीधे महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां भर्ती हताहतों व परिजन से मिले और ढांढस बंधाया। चिकित्सकों से मुलाकात कर घायलों के इलाज के लिए समुचित निर्देश दिए। सीएम ने मृतक के आश्रितों को चिरंजीवी योजना के तहत 5-5 लाख रुपए और मुख्यमंत्री सहायता कोष से 2-2 लाख रुपए व घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।