


रविवार शाम वेलकम सभा में राहुल गांधी का सहरिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया। मंच पर हो रहे इस नृत्य को देखकर राहुल गांधी भी सीएम गहलोत, मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और सचिन पायलट के साथ डांस करने लगे। इस दौरान पायलट और सीएम गहलोत ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ में डांस किया। आज राजस्थान में यात्रा चंवली चौराहे पर ही रुक गई। यात्रा का रात्रि विश्राम यहीं होगा।
राहुल ने कहा कि हर राज्य, हर शहर, हर गांव ने यात्रा को खूब मदद की। लोगों को एक पैसा नहीं देना पड़ा। हिंदुस्तान की जनता ने यात्रा को खूब प्यार दिया। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा-आरएसएस का डर लोगों के दिल से निकालना चाहता हूं। मैं उनसे नफरत नहीं करता हूं। मैं उन्हें देश में नफरत और डर फैलाने नहीं दूंगा।
राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश को छोड़कर दुख हो रहा है, लेकिन राजस्थान में आकर खुशी हो रही है। हवाई जहाज से हिंदुस्तान समझ नहीं आता, फटे हुए हाथ वाले किसान से हाथ मिलाने पर ही समझ आता है।
राहुल गांधी के स्वागत के लिए पूरे रास्ते होर्डिंग से पटे पड़े हैं। वहीं राजस्थानी लोक नृत्यों के साथ यात्रा का स्वागत किया । थोड़ी देर में चंवली चौराहे पर वेलकम सभा होगी, जिसे राहुल गांधी भी संबोधित करेंगे। रविवार को प्रदेश के झालावाड़ जिले के चंवली चौराहे पर ही रुक जाएगी। यात्रा का रात्रि विश्राम यहीं होगा।
राहुल गांधी की यात्रा में यह पहला प्रदेश है, जहां कांग्रेस सरकार का राज है। झालावाड़ जिले में मध्य प्रदेश सीमा तक यात्रा के स्वागत में जगह-जगह बैनर पोस्टर लगे हैं।
सोमवार सुबह छह बजे से यात्रा की शुरुआत प्रदेश में झालावाड़ जिले के काली तलाई से होगी। यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद 3:30 बजे नाहरड़ील और शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अब तक 2500 किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है। 1100 किलोमीटर की यात्रा बची है। इनमें से आधा हिस्सा राजस्थान का है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अलवर में 18 दिसंबर को यात्रा की आठवीं प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।