


उदयपुर में गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर शुक्रवार देर शाम सेना के एक ट्रक में आग लग गई है। आग के बाद ट्रक में ब्लास्ट होने लगे। हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया था। ट्रक में ड्राइवर सहित दो जवान सवार थे। ट्रक में गोला-बारूद और हथियार थे। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद रात साढ़े 8 बजे आग पर काबू पाया गया।
घटना उदयपुर से करीब 50 किलोमीटर पहले थामला वेरी बेकरिया थाना सर्किल के पास हाईवे पर हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ट्रक में रह-रहकर हुए धमाकों के कारण आसपास के लोग सहम गए थे। दूर से ही आग की लपटें नजर आ रही थी।
पिंडवाड़ा की ओर से करीब 24 से ज्यादा ट्रक उदयपुर आ रहे थे। अचानक काफिले में शामिल एक ट्रक में आग लग गई। ट्रक में ड्राइवर सहित कुल 2 जवान थे। दोनों ही सुरक्षित हैं। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची थी। बीएसएफ ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया था। बीएसएफ के कई अधिकारी घटना की जानकारी मुख्यालय को देते रहे। 40 जवान मौके पर तैनात किए गए थे। 5 थानों के अधिकारी भी पहुंच गए थे। बीएसएफ अधिकारी ने दो घंटे तक हाईवे को दोनों तरफ से बंद रखने के निर्देश दिए थे। विस्फोटक ज्यादा होने से अधिकारी ने ट्रक के पास से रेस्क्यू के लिए मना कर दिया थागोगुन्दा के तहसीलदार रवींद्र सिंह ने बताया कि ट्रक में कुछ ज्वलनशील पदार्थ था। रात करीब 8.45 बजे उदयपुर- पिंडवाड़ा फोरलेन हाईवे फिर से चालू कर दिया गया। हाईवे पर दोनों ओर 15-15 किमी लंबा जाम लग गया था।
उदयपुर कलेक्टर ताराचंद मीणा ने कहा- ट्रक में लगी आग पर रात 8.30 बजे काबू पा लिया गया। कारणों के बारे में जांच करवा रहे हैं।