


वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक प्रीति शक्तावत सड़क हादसे में घायल हो गईं। कांग्रेस विधायक शक्तावतअपनी मां और ड्राइवर-गनमैन के साथ शादी समारोह में भाग लेकर लौट रही थीं। शाम करीब 4 बजे रणकपुर घाटे के पास हादसा हुआ। सामने से आ रही कार से विधायक शक्तावत की कार भिड़ी। हादसे के बाद दूसरी कार से विधायक को उदयपुर लाया गया। शाम करीब 6 बजे विधायक शक्तावत को उदयपुर के एमबी अस्पताल लाया गया। डेढ घंटे बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
विधायक शक्तावत का इमरजेंसी यूनिट में एक्स-रे के बाद उनके हाथ और पांव में हल्की चोट की बात सामने आई। शक्तावत की मां भगवती झाला को भी कंधे और पांव में हल्का फैक्चर हुआ है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित कई बड़े पदाधिकारी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। गाड़ी के एयर बैग से बड़ा हादसा टल गया वरना सिर में चोट लग सकती थी। विधायक से भिड़ने वाली कार में सवार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
कांग्रेस विधायक शक्तावत रणकपुर से शादी समारोह में भाग लेकर उदयपुर आ रही थीं। वे तेजसिंह बांसी के परिवार में हुए शादी के समारोह में अपनी मां और ड्राइवर-गनमैन के साथ आ रही थी। दोनों कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में कार के आगे वाले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ड्राइवर जमील और गनमैन लालचंद शर्मा को भी हल्की चोटें आई है।