


राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन का दुग्ध संकलन 36 लाख लीटर पहुंच गया है। वहीं 5 साल बाद बुधवार को आरसीडीएफ में एजीएम की बैठक हुई। इसमें आरसीडीएफ अधिकारियों ने रिपोर्ट पेश की। संघ को 94 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। इस राशि में से 9 करोड़ रुपए संघों को शेयर के अनुपात में वितरित किए जाएंगे।
आरसीडीएफ चेयरमैन और एमडी सुषमा अरोड़ा की अध्यक्षता में बैठक हुई। एजीएम में आरसीडीएफ के 18 से अधिक दूध संघ के चेयरमैन ने भाग लिया। अरोड़ा ने दूध संबल योजना के तहत 2 रुपए प्रति लीटर राशि को बढ़ाकर 5 रुपए करने पर सरकार को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन के 40 वर्षों के इतिहास में यह दूसरा अवसर है जब आरसीडीएफ के मुनाफे में से जिला दूध संघों को भी हिस्सा दिया जाएगा। अरोड़ा ने चेयरमैन को 50 लाख लीटर दूध संकलन करने का टारगेट दिया। जयपुर डेयरी चेयरमैन ओम प्रकाश पूनिया ने आरसीडीएफ की ओर से दूध बढ़ोतरी के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। पूनिया ने कहा कि लंबे समय बाद आरसीडीएफ में एक जिम्मेदार अधिकारी को सरकार ने लगाया है। इसके नतीजे सबके सामने हैं।