Saturday, 29 August 2026

ग्रेटर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कई मुद्दों को लेकर आपसी विवाद आया सामने,खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित


ग्रेटर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कई मुद्दों को लेकर आपसी विवाद आया सामने,खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित

जयपुर में खतरनाक नस्ल के कुत्ते पालने पर रोक लग सकती है। ग्रेटर नगर निगम की ओर से मंगलवार को हुई कार्यकारी समिति की बैठक में ये प्रस्ताव पास किया गया है। बैठक में मेयर सौम्या गुर्जर ने भी कड़ा संदेश दिया और कहा कि काम के लिए मेरे, डिप्टी मेयर के पास न आएं। हालांकि बैठक में भाजपा के पार्षदों और समितियों के अध्यक्ष में खींचतान सामने आई हैं। पार्षद दो गुटों में बंट गए। एक गुट मेयर सौम्या गुर्जर और दूसरा गुट डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट के साथ दिखा।

ग्रेटर नगर निगम में मंगलवार को कार्यकारी समिति की बैठक थी। बैठक लंबी चली और 31 में से 9 ही एजेंडे पास हो सके। इनमें उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत के नाम से सड़क का नामकरण करने के साथ ही शहर को ओपन कचरा डिपो मुक्त करने का प्रस्ताव प्रमुख रहा।

मेयर सौम्या गुर्जर ने बैठक में इतना तक कह दिया कि निगम में अब जनप्रतिनिधियों को काम करना है तो सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को साथ लेकर चलना पड़ेगा।

उन्होंने  ग्रेटर नगर निगम की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष को अपनी शक्तियां याद दिलाते हुए संदेश दिया कि जो छोटे-छोटे काम के लिए मेयर-डिप्टी मेयर के चैम्बर में जाते हैं। वे आगे से न जाएं। उन्हें किसी भी काम के लिए हमारे पास आने की जरूरत नहीं है। उन्हें एक्ट में इतने अधिकार प्राप्त है कि वे अपनी समिति से संबंधित हर निर्णय करने के लिए स्वतंत्र है।

सड़कों के नामकरण को लेकर डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावत, चेयरमैन रमेश सैनी और पार्षद दिनेश कावंट के बीच विवाद हुआ और आपस में तनातनी की स्थिति बन गई । पार्षद कांवट ने पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. भैरोंसिंह शेखावत के नाम से सड़क का नामकरण रखने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पर डिप्टी मेयर और चेयरमैन रमेश सैनी ने आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े व्यक्ति का नाम इतने छोटे मार्ग के लिए रखना ठीक नहीं होगा। इस पर कांवट ने जवाब देते हुए कहा कि मेरे क्षेत्र की चिंता आप करना छोड़ दीजिए। हालांकि बाद में मेयर सौम्या गुर्जर ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी।

डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावत ने प्रोजेक्ट एक्सईएन मनोज शर्मा पर सफाई की टेंडर प्रक्रिया में लापरवाही करने का आरोप लगाया। डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावत के इस आरोप से नाराज एक्सईएन ने बैठक में खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग करने की बात कही। आरोप के बचाव में खुद आयुक्त महेन्द्र सोनी उतरे और उन्होंने कहा कि आप इस तरह बेबुनियाद आरोप नहीं लगा सकते।

बैठक में उद्यान समिति की अध्यक्ष  राखी राठौड़ और  बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीमाली में टकराव नजर आया। श्रीमाली ने एजेंडा के सर्कुलेशन पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक दिन पहले ही हमें एजेडा मिला है। ऐसे में इसे कैसे पास किया जाए। इस पर राखी राठौड़ ने आपत्ति उठाईऔर कहा कि  जिस पर आपको आपत्ति है उस पर बोल दो। हर प्रस्ताव को रोकना ठीक नहीं है।

बैठक के बाद मेयर सौम्या गुर्जर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आज हमने बैठक में सबसे अहम निर्णय शहर को कचरा डिपो फ्री करने का लिया है। शहर को अगले कुछ महीनों में हम ओपन कचरा डिपो फ्री कर देंगे। हालांकि ये काम कब से शुरू होगा और कब तक शहर को कचरा डिपो फ्री किया जाएगा इसको लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।



Previous
Next

Related Posts