


प्रदेश में 29 नवंबर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर से बाल गोपाल और निशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म योजना की वर्चुअली शुरुआत करेंगे। इसके तहत 70 लाख से ज्यादा को निशुल्क दूध और यूनिफॉर्म दी जाएगी । 33 जिलों में ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसकार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला मौजूद रहेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 64,479 सरकारी स्कूलों के कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले 67 लाख से ज्यादा बच्चों को स्कूल यूनिफार्म के दो सेट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही यूनिफॉर्म सिलवाने के लिए प्रत्येक बच्चे के खाते में 200 रुपए का भुगतान किया जाएगा। जिन बच्चों का खाता नहीं होगा, उनके परिवार के खाते में रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे।
राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद आयुक्त मोहन लाल यादव ने बताया की प्रदेशभर में जिला और ब्लॉक स्तर पर फेब्रिक पहुंचाने का काम लगभग पूरा हो गया है। कक्षा 1 से 8 तक में 30 अगस्त 2022 तक एडमिशन लेने वाले बच्चे को ही यूनिफार्म निशुल्क दी जाएगी।