


भाजपा के राजस्थान प्रभारी और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अरुण सिंह रविवार को एक दिवसीय दौरे पर चौमूं पहुंचे। इस दौरान चौमूं विधानसभा क्षेत्र के गोविंदगढ़ मंडल के बूथ कार्यकर्ताओं और भाजपा सदस्यों ने अरुण सिंह का भव्य स्वागत किया। जयपुर सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग के उदयपुरिया मोड़ पर स्थित एक होटल पर रुके। साथ ही कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात भी कार्यकर्ताओं के साथ सुनी।
मन की बात कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के द्वारा दिए जाने वाले संदेश हमें सेवा कार्यों के लिए सतत प्रेरित करते हैं। प्रधानमंत्री जिस समर्पण और निष्ठा भाव के साथ देश की सेवा में जुटे हुए हैं। वो देशवासियों और पार्टी के आम कार्यकर्ता के मनोबल को ऊंचा रखता है। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करने का संदेश दिया।
इस मौके पर ग्राम पंचायत बासा फतेहपुरा सरपंच बाबूलाल गुर्जर, ढोढ़सर सरपंच प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह शेखावत, अनंतपुरा चिमनपुरा सरपंच बद्री यादव, लोहरवाड़ा पूर्व सरपंच कमल सिंह, जगदीश यादव, जाट समाज अध्यक्ष पवन चौपड़ा, कालाडेरा मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, पंचायत समिति सदस्य लालचंद यादव, रामेश्वर बिजारनिया इटावा भोपजी, भंवर देवेंद्र, अरविंद यादव और बंसी यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।