


सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव की जनसभा के दौरान कांग्रेस पार्टी से दो बड़े नेता पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां और पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी भाजपा में शामिल हो गए। रिणवां पिछली वसुंधरा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। राजकुमार रिणवां की कांग्रेस से भाजपा में घर वापसी हुई है। पिछले विधानसभा चुनाव में चूरू के रतनगढ़ से विधानसभा टिकट कटने पर नाराज होकर रिणवां ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया था।
जयदीप डूडी ने कहा- गहलोत और पायलट की आपसी लड़ाई में कांग्रेस उलझकर रह गई है। इससे क्षेत्र के किसानों और आम जनता का बड़ा नुकसान पिछले 4 साल में हुआ है। इसलिए मैं भाजपा में आया हूं। प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया ने मंच से कहा- अभी भी भरोसा नहीं है प्रदेश की गहलोत सरकार की जिन्दगी कितनी बची है।
अब गहलोत मौजूदा सरकार के 4 साल होने पर फिर से भाजपा में शामिल होकर रिणवां ने सियासी मैसेज भी दे दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य और पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी ने भी कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दुपट्टा पहन लिया है। भाजपा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह,, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने दुपट्टा पहनाकर दोनों नेताओं का बीजेपी पार्टी के परिवार में स्वागत किया।