


गुलाबी नगरी जयपुर में शनिवार को अभाविप की शोभा यात्रा में विभिन्न प्रदेशों की परम्पराओं तथा वेशभूषा के संगम का अद्भुत दृश्य दिखा। शोभायात्रा में लघु भारत का रूप दिखा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जयपुर चल रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतर्गत शनिवार को भव्य शोभायात्रा अग्रवाल महाविद्यालय से सिटी चारदीवारी होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंची।
शोभायात्रा में भारत के सभी प्रदेशों से आए प्रतिनिधियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। शोभायात्रा में भारत की अलग-अलग भाषाओं में देशभक्ति के नारों भारत माता की जय','महाराणा प्रताप की जय' ,'कश्मीर हो या कन्याकुमारी भारत माता एक हमारी','परिषद का क्या संदेश-सुंदर सुहाना भारत देश' जैसे नारों से जयपुर गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा में विभिन्न प्रांतों से शामिल हुए सैकड़ों छात्रों से 'विविधता में एकता' की सुंदर छटा देखते ही बनी।
शोभायात्रा का जगह-जगह नागरिकों, विभिन्न समूहों, व्यापार मंडल तथा सांस्कृतिक व सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा करके देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। शोभायात्रा का स्वागत रास्ते में स्थान-स्थान पर गाजे बाजे, पारंपरिक नृत्य एवं मिठाई वितरण से किया।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि," आज की शोभायात्रा में अभाविप का अखिल भारतीय स्वरूप समाज के सामने दिखा। अभाविप की शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए जयपुर का हार्दिक धन्यवाद। शोभायात्रा के माध्यम से भारत के एकात्मवादी रूप का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत हुआ। अभाविप की यह शोभायात्रा देश को एकता, समरसता तथा बंधुत्व भाव का संदेश देती है।"