Saturday, 29 August 2026

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को राज्य स्तरीय प्रबंध कमेटी की बैठक, सीएम गहलोत और पायलट होंगे शामिल, माकन के नहीं आएंगे


राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को राज्य स्तरीय प्रबंध कमेटी की बैठक, सीएम गहलोत और पायलट होंगे शामिल,  माकन के नहीं आएंगे

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 3 दिसंबर को आने से पहले प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। भारत जोड़ो यात्रा की 33 नेताओं की समन्वय समिति की बुधवार को कांग्रेस वॉर रूम में पहली बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट शामिल होंगे। 25 सितंबर को सीएम गहलोत गुट के विधायकों के कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बहिष्कार करने से हुए राजनीतिक  बवाल के बाद  सीएम गहलोत और पायलट पहली बार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रबंधन की होने वाली बैठक में शामिल होंगे ।

भारत जोड़ो यात्रा की 33 नेताओं की समन्वय समिति की इस बैठक के बाद भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश में एमपी बॉर्डर से लेकर हरियाणा बॉर्डर तक के 527 किलोमीटर रूट का कांग्रेस नेता 25 नवंबर को जायजा लेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा की समन्वय समिति में प्रदेश प्रभारी अजय माकन सदस्य हैं, लेकिन माकन ​इस्तीफा दे चुके हैं, ऐसे में बैठक में शामिल नहीं होंगे। माकन ने 8 नवंबर को ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र भेजकर राजस्थान प्रभारी के पद से इस्तीफा दे दिया था। माकन का इस्तीफा अभी मंजूर नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने प्रदेश को लेकर कोई बैठक या फैसला भी नहीं किया है। अजय माकन ने 25 सितंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक का बहिष्कार करने के मामले में जिम्मेदार ठहराए गए तीन नेताओं संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल,  सरकारी मुख्य सचेतक और जलदाय मंत्री डॉ.महेश जोशी और राजस्थान पर्यटक विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ अब तक कायर्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इस्तीफा दिया है। माकन ने खड़गे को लिखे पत्र में इस बात पर नाराजगी जताते हुए पद छोड़ने की पेशकश की थी। 25 सितंबर को विधायक दल की बैठक के लिए खड़गे और माकन पर्यवेक्षक थे, दोनों की रिपोर्ट के आधार पर ही तीनों नेताओं को नोटिस जारी किए गए थे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा प्रदेश के छह जिले झालावाड़, कोटा, बूंदी, सवाईमाधोपुर, दौसा, अलवर जिले से होकर गुजरेगी। इन छह जिलों में यात्रा 521 किलोमीटर का सफर तय करेगी। करीब 3 दिसंबर को यात्रा झालावाड़ जिले से प्रदेश में आएगी, 17 दिन तक रहेगी।

राहुल की यात्रा की मैनेजमेंट संभालने के लिए 33 नेताओं की राज्य स्तरीय कॉर्डिनेटर कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में प्रभारी महासचिव अजय माकन,सीएम अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भंवर जितेंद्र सिंह, सचिन पायलट, जुबेर खान,रघुवीर मीणा,हरीश चौधरी, रघु शर्मा,धीरज गुर्जर, कुलदीप इंदौरा, गिरिजा व्यास, नारायण सिंह, बीडी कल्ला,चंद्रभान, रामेश्वर डूडी, मंत्री हेमाराम चौधरी, रामलाल जाट, प्रताप सिंह खाचरियावास, भजनलाल जाटव, महेंद्र जीत मालवीय, ममता भूपेश, प्रमोद जैन भाया, लालचंद कटारिया, परसादीलाल मीणा, महेंद्र चौधरी, आरसी चौधरी, मुमताज मसीह और ललित तूनवाल शामिल हैं। 

राज्य स्तर पर समन्वय समिति के अलावा जिला स्तर पर यात्रा के लिए कॉर्डिनेटर समिति बनाई है। जिले की समिति में प्रभारी मंत्री, संगठन के जिला और संभाग प्रभारी, जिले के सांसद उम्मीदवार,विधायक और विधायक उम्मीदवार और बोर्ड निगमों के अध्यक्ष समिति के सदस्य बनाए गए हैं ।


Previous
Next

Related Posts