Saturday, 29 August 2026

अंतर राज्य डकैत गिरोह के सरगना सहित पांच गिरफ्तार : चार देशी कट्टे, 10 कारतूस, दो बाइकऔर नकबजनी में प्रयुक्त उपकरण जप्त


अंतर राज्य डकैत गिरोह के सरगना सहित पांच गिरफ्तार : चार देशी कट्टे, 10 कारतूस, दो बाइकऔर नकबजनी में प्रयुक्त उपकरण जप्त

दोसा जिला पुलिस ने 30 अक्टूबर की देर रात मण्डावरी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 स्थित एक मकान में गन पॉइंट पर लूटपाट करने और विरोध करने पर ग्रामीणों पर फायरिंग कर 4 लोगों को घायल करने के मामले में अंतर राज्य गिरोह के सरगना सहित पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जिला पुलिस पूर्व में एमपी के जिला श्योपुर निवासी 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरोह का सरगना थाना नीमराणा का हिस्ट्रीशीटर है।

एसपी संजीव नैन ने बताया कि 30 अक्टूबर को मण्डावरी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी धर्मेंद्र कुमार शर्मा के घर 6-7 नकाबपोश बदमाश घुस कर गन पॉइंट पर बंधक बना करीब दो लाख नगद  और सोने चांदी के जेवरात लूट कर भागने लगे। भागते समय ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में 4 जने घायल हो गए। पीड़ित धर्मेंद्र की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 आईजी दत्ता के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम 

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज उमेश चंद्र दत्ता के निर्देश पर घटना के त्वरित खुलासे के लिए एसपी नैन द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचंद कायल के सुपर विजन, सीओ संतराम और अरविंद गोयल नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गई। इनमें एसएचओ जितेंद्र सोलंकी, संजय पूनिया, रविंद्र चौधरी, अजीत सिंह, रामपाल मीणा, एसआई अजीत सिंह व दिनेश कुमार मीणा समेत डीएसटी एवं साइबर सेल को सम्मिलित किया गया।

700 से अधिक सीसीटीवी खंगाल बदमाशों तक पहुंची पुलिस 

गठित टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों और परंपरागत आसूचना तंत्र का उपयोग किया गया। करीब 700 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पेट्रोल पंप व होटल कर्मियों से आसूचना एकत्रित कर सोमवार को टीम ने नीमराणा जिला अलवर निवासी गिरोह के सरगना नंदकिशोर उर्फ नंदू उर्फ भूरा बावरिया एवं उसके साथी अरविंद बावरिया निवासी थाना नीमराणा, रविंद्र कुमार बावरिया व राजेंद्र कुमार बावरिया निवासी थाना गोलूवाला जिला हनुमानगढ़ एवं विष्णु बावरिया निवासी थाना आदमपुर जिला हिसार हरियाणा को गिरफ्तार किया है।

गिरोह के सरगना सहित 10 गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद 

पूर्व में इस मामले में गठित टीम द्वारा मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में थाना मानपुर निवासी पांच आरोपियों सागर मोगिया, सोनू सहरिया, मोहन सिंह मोगिया, आकाश मोगिया एवं वीरपाल मोगिया को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को गिरफ्तार किए गए बदमाशों के टीम ने चार देशी कट्टे, 10 जिंदा कारतूस, एक वायर कटर, एक प्लास पेचकस, एक दरवाजे व ताले तोड़ने की नकब एवं 2 अपाचे बाइक बरामद की है।

लहसुन बेचने की आड़ में रैकी करते, रात को हथियारों के दम पर डकैती 

 गिरोह के सदस्य लहसुन बेचने एवं कपास तोड़ने के बहाने पैदल या मोटरसाइकिल से रेकी कर टारगेट चिन्हित कर जयपुर या किसी अन्य जगह कच्ची बस्तियों में एक जगह एकत्रित होकर अपने मोबाइल वहीं छोड़ घटना के लिए निकल जाते हैं। आम रोड का प्रयोग ना कर खेतों में होते हुए घटनास्थल से पहले अपने वाहन छोड़ देते हैं। एक दो व्यक्ति वाहन के पास रुक कर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते हैं।

चेहरे पर नकाब पहन हथियार के साथ घटनास्थल पर पहुंच कैमरे व लाइट को निष्क्रिय कर घरों में घुस कर चोरी की वारदात किया करते हैं। जाग होने पर पीड़ित को हथियारों से डराया जाता है। विरोध करने पर फायरिंग कर कच्चे पक्के रास्तों से होते हुए अपने ठिकाने पर पहुंच जाते हैं। अगले दिन प्रतिदिन की मजदूरी अथवा अन्य कामों में लग जाते हैं।

 डकैती व फायरिंग की दर्जनों वारदातों का हुआ खुलासा 

पूछताछ में बदमाशों ने जयपुर ग्रामीण के थाना प्रागपुरा के पावटा कस्बे में डकैती व फायरिंग, दोसा के थाना कोलवा के गांव धनावड में नकबजनी व डकैती, दौसा के थाना महवा के गांव खेडला गदली में नकबजनी, भरतपुर के थाना भुसावर के गांव रणधीर गढ़ में डकैती व फायरिंग, हरियाणा के रेवाड़ी में डकैती व फायरिंग, चूरू के थाना राजगढ़ कस्बे में नकबजनी तथा अन्य जिलों एवं हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश राज्यों में दर्जनों नकबजनी की वारदात करना कबूला है।



    Previous
    Next

    Related Posts