Saturday, 29 August 2026

गैंगस्टर राज हुड्‌डा पंजाब और राजस्थान पुलिस की मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल,गिरफ्तार कर एसएमएस में कराया भर्ती


गैंगस्टर राज हुड्‌डा पंजाब और राजस्थान पुलिस की मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल,गिरफ्तार कर एसएमएस में कराया भर्ती

जयपुर की रामनगरिया इलाके की ज्ञान विहार कॉलाेनी में फरारी काट रहे पंजाब के गैंगस्टर रामजन खान उर्फ राज हुड्‌डा की पुलिस से रविवार दोपहर 2:30 बजे मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर को गिरफ्तार कर हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। 

एडिशनल डीसीपी क्राइम सुलेश चौधरी ने बताया कि गैंगस्टर राज हुड्‌डा पिछले कुछ दिनों से जयपुर में छिपा था। पंजाब पुलिस को एक दिन पहले रविवार को गैंगस्टर के जयपुर में होने की जानकारी मिली। रविवार को सुबह ही पंजाब पुलिस के एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के डीएसपी विक्रम बराड़ ने लोकल पुलिस से मदद मांगी थी। इस पर कमिश्नरेट स्पेशल टीम - एंटी टेरर स्क्वॉयड की मदद से दोपहर 2.30 बजे बदमाश राज हुड्‌डा को पकड़ने के लिए उसके कमरे पर दबिश दी।


पुलिस को देखकर बदमाश ने भागने का प्रयास किया, जिसे पंजाब पुलिस घेर लिया। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। पंजाब पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर के पैर पर गोली लगी। पुलिस बदमाश को पकड़कर पास के प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गई। जहां से उसे एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 

कॉलोनी में फायरिंग की आवाज सुनकर पहले लोग बाहर आए, लेकिन पुलिस को देखकर वापस घरों में घुस गए। थोड़ी देर तो लोग समझ ही नहीं पाए की क्या हो रहा है ? लोगों ने बताया कि पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए माइक पर भी आवाज लगाई, लेकिन बदमाश नहीं माना।

गैंगस्टर राज हुड्डा ने कमरा अपने आपको एक शिक्षण संस्थान का विद्यार्थी बताकर लिया था। उसके साथ दो विद्यार्थी और थे। मकान मालिक से कहा था वे  विद्यार्थी है और यहां पढ़ने के लिए आए हैं। मकान मालिक ने इनका पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया और कमरा किराए पर दे दिया। गैंगस्टर के साथ हैप्पी और साहिल से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

मुठभेड़ के बाद रामजन खान उर्फ राज हुड्डा के पकड़े जाने की पुष्टि पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने की। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का राजस्थान पुलिस के साथ ऑपरेशन सफल रहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि डेरा प्रेमी की हत्या में शामिल राज हुड्डा को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है।

रोहतक निवासी आरोपी राज हुड्‌डा का 2004 में जन्म हुआ था। 10 नवंबर को गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी केस के आरोपी डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की पंजाब के फरीदकोट में हत्या कर दी गई। इस हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। गोल्डी बराड़ पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड है।


    Previous
    Next

    Related Posts