


जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने शनिवार को टोंक शहर में इफको ई बाजार, सोनवा रोड पर निजी खाद विक्रेता, ग्राम सेवा सहकारी समिति लवादर,चंदलाई में किसानों को की जा रही खाद वितरण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने खाद के सुचारू व पारदर्शी वितरण के लिए फील्ड में किसानों से बात की। खाद के निर्धारित रेट पर देने, टोकन व्यवस्था, मांग की स्थिति, खाद गोदाम आदि का जायजा लिया। जिला कलेक्टर ने किसानों से कहा कि अब जिले को लगातार खाद मिल रहा है। इसलिए सभी को जरूरत के हिसाब से खाद उपलब्ध हो सकेगा। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने कृषि एवं प्रबंध परिचालन अधिकारी (जीएसएस) को जिले में खाद वितरण पारदर्शी एवं सही अनुपात में कराने के लिए निर्देशित किया।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने जिले में खाद वितरण की अनियमितताओं को रोकने के लिए आदेश जारी किए हैं। जिला मजिस्ट्रेट चिन्मयी गोपाल ने सभी उपखंड मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमण कर खाद वितरण की मॉनिटरिंग तथा खाद भंडारण केंद्रों की जांच करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही सरकारी व निजी खाद वितरण केंद्रों पर गिरदावर व कृषि पर्यवेक्षक सतत निगरानी रख खाद वितरण करना सुनिश्चित करेंगे।