


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राजस्थान पुलिस कॉन्स्टेबल को रियायती दरों पर रोडवेज का मासिक पास उपलब्ध कराने की घोषणा के क्रम में गृह विभाग ने संबंधित आदेश जारी कर कॉन्स्टेबल से पुलिस निरीक्षक स्तर के कार्मिकों के लिए अंशदान पूर्व की भांति प्रतिमाह 200 रु निर्धारित किया है। निर्धारित 500 रुपये में से शेष 300 रु की राशि का अंशदान राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
महानिदेशक पुलिस उमेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस कर्मियों के व्यापक कल्याण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के अनुरोध को स्वीकार करते हुए पुलिस कर्मियों का अंशदान 300 रु से कम करके 200 रु ही निर्धारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में रोडवेज प्रशासन ने अंशदान राशि को बढ़ाकर 500 रु प्रतिमाह की एवं इसमें से 300 रु का अंशदान पुलिस कर्मी से एवं 200 रु का अंशदान राज्य सरकार से पुनर्भरण करने का प्रावधान किया गया था।
मिश्रा ने बताया कि पुलिसकर्मियों को यह सुविधा आरएफआईंडी और परिचय पत्र के आधार पर मिलेगी।