

भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सांसद अरूण सिंह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की विजय लहर चल रही है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राजस्थान में 2023 में अब तक की सबसे बड़ी जीत भाजपा की होगी और यह जीत हमेशा के लिए एक नया इतिहास बन जाएगी।
भाजपा प्रदेश समिति की बैठक में भाग लेने झुंझुनू आए अरुण सिंह ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की जीत में सबसे बड़े कारक मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां, पूरे प्रदेश में बूथ और पन्ना तक 90 प्रतिशत से अधिक भाजपा का मजबूती से कार्य पूर्ण हो चुका है और संगठन के सशक्तिकरण के लिए नवाचारों के साथ विभिन्न कार्यक्रम चल रहे हैं और कांग्रेस सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में एंटीइन्कंबेन्सी का माहौल है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुशासन का 2023 में हमेशा के लिए खात्मा कर देंगे, राजस्थान का युवा, किसान, बहन-बेटियां सभी वर्ग कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार की जनविरोधी नीतियों व तानाशाही व्यवस्था से प्रताड़ित एवं असुरक्षित हैं। जनहित के मुददों को लेकर भाजपा जमीन से लेकर विधानसभा तक, सभी जिलों और सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के कुशासन का अंत करने के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम 2023 में भाजपा की तीन चौथाई बहुमत की सरकार बनने के रूप में आएंगे, भाजपा की सरकार राजस्थान को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करेगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सतीश पूनियां ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि झुंझुनूं सहित समूचे शेखावाटी क्षेत्र में भाजपा के लिए अपार संभावनाएं हैं, प्रदेश कार्यसमिति के झुंझुनूं में आयोजन से भाजपा के मिशन 2023 और 2024 को बड़ी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में 2023 में प्रचण्ड बहुमत की राजस्थान में भाजपा सरकार बनेगी और 2024 में लोकसभा की सभी 25 सीटें भाजपा जीतेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति बैठक में लगभग 500 लोग शामिल होंगे, जो मिशन 2023 और 2024 को लेकर मजबूत रणनीति के साथ चर्चा करेंगे और जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में होने वाली जन आक्रोश रैलियों को लेकर मंथन किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सतीश पूनियां ने कहा कि भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी बैठकों का आयोजन झुंझुनूं जिले के चुड़ेला में हुआ। वहीं प्रदेश कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ 13 नवंबर सुबह 11 बजे होगा, जिसमें राज्य के संगठनात्मक, जनहित के मुददों व आगामी कार्ययोजना पर विभिन्न सत्रों का आयोजन होगा।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी बैठकों में भारत माता, पंडित दीनदयाल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन कर राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की ।