


टोंक के घाड़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम जयपुर-कोटा फोरलेन पर स्लीपर बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलने पर घाड़ थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सआदत अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे निजी बस कोटा से हरिद्वार जा रही थी। इस दौरान जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे 52 पर भरनी और छान के बीच आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे से के पीछे से बस टकरा गई। इससे बस के आगे की ओर बैठी 6 महिलाओं सहित 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। उनकी चीख सुनकर आसपास के राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक निजी वाहन और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सआदत अस्पताल में पहुंचाया।
घायल बूंदी निवासी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि वह बूंदी से मम्मी पापा और बुआ के साथ बैठा था। वह अपनी दादी की अस्थियों को लेकर हरिद्वार जा रहा था। इसी बीच बस के ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। टोंक डीएसपी सलेह मोहम्मद ने बताया कि बस के आगे चल रहा वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए इलाके में नाकाबंदी करवा दी गई है।