Saturday, 29 August 2026

योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से लागू करने के लिए मिशन मोड पर कार्र्य करें अधिकारी: सुधांश पंत


योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से लागू करने के लिए मिशन मोड पर कार्र्य करें अधिकारी:  सुधांश पंत

जिला प्रभारी सचिव, जयपुर सुधांश पंत ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करने के लिये अधिकारियों को मिशन मोड पर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जब भी कोई अधिकारी निरीक्षण करने के लिये जाये तो वह स्वयं के विभाग की योजनाओं के साथ-साथ अन्य विभाग की योजनाओं का भी निरीक्षण करें।

जिला प्रभारी सचिव सुधांश पंत  शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति के बारे में समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ हर व्यक्ति को मिले, इसके लिए शत-प्रतिशत लोगों का पंजीयन कराये। उन्होंने कहा कि ई-औषधि सॉफ्टवेयर के माध्यम से रियल टाइम बेसिस पर दवाईयों की उपलब्धता के बारे में जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को भी मालूम होना चाहिए। इसके लिये संबंधित अधिकारी को पासवर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने शुद्ध के लिये युद्ध अभियान के तहत की जा रही कार्यवाही के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली, जिस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर माह में विशेष अभियान चलाया गया जिसमें छापामार कार्यवाही की गई थी। प्रभारी सचिव सुधांश पंत ने कहा कि जिन खाद्य पदार्थों की सैम्पल रिपोर्ट फेल हो गयी है, उनकी पुनः सैम्पल लेकर जांच की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को मिलावटखोरों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुये आगामी दिनों में सैम्पल की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये।

पंत ने महात्मा गांधी अग्रेजी माध्यम विद्यालय की प्रगति के बारे में जानकारी ली जिस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि जिले में 197 विद्यालय को इस योजना के माध्यम से जोड़ दिया गया है। उन्होंने पालनहार योजना के तहत निर्धारित श्रेणी के अलावा विशेष श्रेणी में प्राप्त हुये प्रकरणों को निस्तारण करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने जन सूचना पोर्टल पर 115 विभागों की अपलोड की गई 328 योजनाओं से संबंधित जानकारी को नियमित रूप से अपडेशन करवाने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम ग्रेटर आयुक्त महेन्द्र सोनी, कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) दिनेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) अशोक कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) शंकर लाल सैनी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) बीरबल सिंह] अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) श्रीमती अमृता चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।



Previous
Next

Related Posts