

सैनिक कल्याण राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा है कि वो किसी भी पार्टी के भरोसे नही हैं। जनता उनकी शक्ल पर उन्हें वोट देती है। उन्होंने कहा कि मेरा जेल जाने का लाइसेंस इस बार रिन्यू नहीं हुआ है, जबकि मैं पांच साल में एक बार तो जेल चला ही जाता हूं। पायलट समर्थक गुढ़ा लंबे समय से सरकार से नाराज हैं। वे सार्वजनिक मंचों से लगातार सचिन को मुख्यमंत्री बनाने की बात करते रहे हैं।
गुरुवार को क्रिकेट टूर्नामेंट के कार्यक्रम में सैनिक कल्याण राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी निर्दलीय या किसी अन्य पार्टी से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं खुद अपने दम पर चुनाव जीतता हूं। हाथ और फूल के दम पर चुनाव नहीं लड़ता। मुझे किसी की मेहरबानी की आवश्यकता भी नहीं है। मेरे काम की वजह से जनता साथ है। वे बोले- अपने क्षेत्र की जनता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है इसलिए उन्हें किसी का डर नहीं लगता।
गुढ़ा ने राहुल गांधी की यात्रा को देश के इतिहास में सबसे बड़ी यात्रा बताया हैऔर कहा कि आज तक किसी भी राजनीतिक नेता ने इतनी बड़ी यात्रा नहीं निकाली है। राहुल गांधी के नेतृत्व में वह सब एकजुट हैं। उन्होंने एक बार फिर सचिन पायलट का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं को राजनीति की मुख्यधारा में लाना चाहिए।
गुढ़ा ने कहा कि ताकत के बल पर जब पीएम नरेंद्र मोदीऔर केंद्रीय गृह मंत्री अमितशाह कर्नाटक, गोवा व मध्यप्रदेश में चुनी हुई सरकार को गिराने के बाद राजस्थान आए तब मैं ही उनके सामने ताल ठोक के खड़ा हुआ था। मोदी और शाह को वापस भेजने का काम किया था।