Saturday, 29 August 2026

तीर्थराज पुष्कर का मेला विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजनों के साथ हुआ संपन्न, विजेताओं को बांटे पुरस्कार


तीर्थराज पुष्कर का मेला विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजनों के साथ हुआ संपन्न, विजेताओं को बांटे पुरस्कार

पुष्कर मेला 2022 का मंगलवार को मेला मैदान में समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

पुष्कर मेला 2022 का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री नवाचार निधि योजना के अंतर्गत तैयार जेल बैण्ड आकेस्ट्रा आशाएं रहा। जेल अधीक्षक श्रीमती सुमन मालीवाल के नवाचार के रूप में इसे तैयार किया है। इसकी मधुर लहरियों ने सभी का मन मोह लिया। मेला मैदान पर ऊंट परेड एवं कला जत्था का भी आयोजन किया गया।   ऊंट श्रृंगारक अशोक टांक, बीकानेर के अनिल बोड़ा के दल की सफेद आंगी गैर, सोहन भाट के दल का कच्छी घोड़ी, कल्याण नाथ के दल का कालबेलिया नृत्य, उम्मेदाराम बाड़मेर के दल की लाल आंगी गैर, श्याम मेरासी जोधपुर का ढ़ोल वादन, गोपालराम चुरू के दल के दल द्वारा चंग बांसुरी के साथ समूह नृत्य तथा पप्पूराम के दल का रावण हत्था वादन प्रस्तुत किया गया। लोक गीतों गौरी गजबण तथा रूण-झुण बाजे के समुच्चय पर 172 बालिकाओं ने लोक नृत्य की प्रस्तुति दी।   

उन्होंने बताया कि समापन समारोह के कार्यक्रम में आयोजित बोरी दौड़ में सुमन गुर्जर प्रथम, पूजा कुमावत द्वितीय तथा शाहीन तृतीय रही। चम्मच दौड़ में सुमन और प्रियंका प्रथम, रेश्मा खान द्वितीय एवं अमेरिका की निकोल्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मटका दौड़ में ममता सबसे पहले लक्ष्य तक पहुंची। इसके पश्चात सीमा और पूजा ने दौड़ पूरी की। रस्सा कस्सी की प्रतियोगिता में देशी और विदेशीओं की महिला तथा पुरुष वर्ग मुकाबला हुआ। दोनों वर्गो में देशी प्रतिभागी विजेता रहे। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रजेश दत्ता ने प्रथम,  कुलदीप सोनीवाल ने द्वितीय तथा रोबिन रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सेल्फी प्रतियोगिता में शिवा राजवंशी प्रथम, शेलेन्द्र कुमार द्वितीय तथा रजत कांती धवन तृतीय स्थान रहे। इसमें निर्णयक दीपक शर्मा और उमेश गोगना थे।

विकास प्रदर्शनी स्टॉलों को भी विभिन्न वर्गो में पुरस्कार प्रदान किया गया। राजकीय स्टॉलों में कृषि विभाग प्रथम, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वितीय तथा जिला परिषद तृतीय स्थान पर रही। इस वर्ग का विशेष पुरस्कार केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को मिला। व्यवसायी स्टॉल में इम्पेक्ट कॉर्पोरेशन प्रथम, सुदीप इण्डस्ट्रीज द्वितीय, यूनिक एडवरटाईजमेंट तृतीय स्थान पर रही। सांत्वना पुरस्कार मां दुर्गा ग्रीन गोल्ड नर्सरी को मिला। स्वयंसेवी संस्था वर्ग में ब्रम्हाकुमारी को प्रथम, ज्योतिर्गमय सेवा संस्थान को द्वितीय तथा राजस्थान महिला कल्याण मण्डल चाईल्ड लाईन को तृतीय स्थान का पुरस्कार मिला।   

इस अवसर पर पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, पुलिस महानिरीक्षक रूपिन्दर सिंघ, जिला कलक्टर अंश दीप, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, अतिरिक्त जिला कलक्टर कैलाश चन्द्र शर्मा एवं श्रीमती भावना गर्ग, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक प्रफुल्ल माथुर, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक संजय जौहरी एवं देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी सहित जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित थे।



Previous
Next

Related Posts