


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मुलाकात के बाद राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव के नेतृत्व में गुजरात में चल रहा बेरोजगार युवाओं का आंदोलन स्थगित कर दिया है। बेरोजगार एकीकृत महासंघ के अध्यक्ष उपेन यादव ने मंगलवार को बयान जारी कर इसकी घोषणा की। बीती देर रात अहमदाबाद 'द वेस्टर्न होटल' में सीएम गहलोत से उपेन यादव के नेतृत्व में 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल की वार्ता हुई l जिसमें सीएम गहलोत ने मांगें पूरी करने का आश्वासन देते हुए 9 नवम्बर जयपुर में सीएमओ में बेरोजगारों के प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया है। जिसके बाद बेरोजगार युवा गुजरात से राजस्थान रवाना हो गए।
सीएम गहलोत ने कहा मैंने पहले भी युवा बेरोजगारों की मांग को पूरा किया है आगे भी पूरा करूंगा। सीएम गहलोत ने मांगों को नोट किया और अधिकारियों से कहा कि 9 नवम्बर को हमारे साथ बैठकर बैठक करें। सीएमओ में सीएम गहलोत के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका और सचिव आरती डोगरा से वार्ता होगी और उसके बाद कई मांगों को पूरा किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित करने का फैसला किया है।