

भाजपा को प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक पहली बार झुंझुनूं में 12-13 नवंबर को होगी। भाजपा की कार्यसमिति की इस बैठक के दौरान राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री व बड़े नेता एक दिवसीय मंडल आवास पर भी रहेंगे। इस दौरान संबंधित धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के साथ क्षेत्र को संतों से भी मुलाकात करेंगे। यह बैठक चुड़ैला स्थित जेजेटी यूनिवर्सिटी परिसर में होगी।
प्रदेश मंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियां को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक को सफल बनाने के लिए कार्यालय, आवास, स्वागत, भोजन, रंगोली, साज-सज्जा यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, साहित्य निर्माण, पंजीयन, सांस्कृतिक जागरण, आईटी, आपूर्ति विभाग आदि का गठन कर व्यवस्थाओं के लिए जिला व मंडल के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई। भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजस्थान के प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरूण सिंह, सह प्रभारी गुजरात की सांसद भारती बेन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शर्मा , केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत , केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद्र कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, संभाग प्रभारी मदन दिलावर सहित 25 सांसद, 71 विधायक सहित करीब 400 से ज्यादा जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश कार्यसमिति की तैयारी के लिए गठित की गई टीम को राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। जहां प्रदेश के साथ शेखावाटी की झलक देखने को मिलेगी। इनके स्वागत के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, व झुंझुनूं में प्रवेश करने वाले मुख्य रास्तों पर कैंपेन लगाकर विशेष व्यवस्था की जाएगी। चुड़ैला यूनिवर्सिटी के साथ राणीसती मंदिर परिसर में भी आवास की व्यवस्था की गई है।