


ग्रेटर नगर निगम में मेयर पद चुनाव में अब सीधे तौर पर भाजपा की रश्मि सैनी और कांग्रेस की हेमा सिंघानिया में टक्कर होगी। कांग्रेस की वार्ड 130 पार्षद रजुला सिंह और वार्ड 32 पार्षद नसरीन बानो का नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी शंकर लाल सैनी ने खारिज कर दिया। रजुला सिंह को एक शपथ पत्र देना था, जो समय पर दे नहीं सकी थी, जबकि नसरीन बनो अपने आवेदन पत्र के साथ जमानत राशि (15 हजार रुपए) की रसीद नहीं जमा करवा सकी थी। इसके चलते इन दोनों के ही नामांकन पत्रों को आज खारिज कर दिया।
मैं चुनाव में सीधी टक्कर को देखते हुए कांग्रेस भी अपने सभी पार्षदों की बाड़ेबंदी करने का फैसला किया है। पार्षदों को दोपहर में कांग्रेस मुख्यालय बुलाया गया है, जहां से उन्हें बस में मुहाना सांगानेर स्थित मैजेस्टिक रिसोर्ट ले जाएंगे।
कांग्रेस को इस चुनाव में अगर जीत दर्ज करनी है तो उसे 21 वोटों की जरूरत है। वर्तमान में 146 सदस्याें में से कांग्रेस के खुद के 45 पार्षद है, जबकि 4 निर्दलीयों का सपोर्ट है। इस तरह कांग्रेस अभी अपने पास 53 वोट होने का दावा कर रही है। मेयर की जीत के लिए 74 वोट की जरूरत है। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि 21 और पार्षदों को अपने खेमे में जोड़-तोड़ करके शामिल किया जाए, ताकि जीत दर्ज की जा सके।