


गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईसूदान गढ़वी को गुजरात में आप का सीएम कैंडिडेट घोषित किया है। ईसूदान गढ़वी के नाम की घोषणा के साथ ही आप कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
आम आदमी पार्टी के संयुक्त महासचिव ईसूदान गढ़वी पहले टीवी पत्रकार थे। ईसूदान गढ़वी 2021 में आप में शामिल हुए। जिसके बाद से लगातार गुजरात में आप को मजबूत कर रहे थे। मई 2022 में ईसूदना गढ़वी ने परिवर्तन यात्रा निकाली थी। गढ़वी ने 150 करोड़ रुपए के घोटाले का भी खुलासा किया था। ईसूदान गढ़वी को सीएम के लिए प्रोजेक्ट कर आप ने पंजाब वाला मॉडल गुजरात में भी जारी रखा है।
पंजाब मॉडल की तरह ही गुजरात में भी केजरीवाल ने ईसूदान गढ़वी को अपना सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। उनके नाम की घोषणा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात के 73 प्रतिशत लोगों ने सीएम पद के लिए गढ़वी को चुना है। उन्होंने कहा कि गुजरात में सभी सर्वे फेल होंगे।