Saturday, 29 August 2026

सीएम गहलोत ने बारा में 149 करोड़ के विकास कार्याें का किया लोकार्पण और शिलान्यास, 26 जनवरी से शहरी क्षेत्र में ओलंपिक खेल होंगे शुरू


सीएम गहलोत ने  बारा में  149 करोड़ के विकास कार्याें का किया लोकार्पण और शिलान्यास, 26 जनवरी से शहरी क्षेत्र में ओलंपिक खेल होंगे शुरू

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आमजन के सहयोग से राज्य में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन सफल हुआ है। 30 लाख खिलाड़ियों ने इन खेलों में भाग लिया, जिनमें 10 लाख महिला खिलाड़ी भी शामिल थी। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। 26 जनवरी से राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक का आयोजन होने जा रहा है। 

सीएम गहलोत गुरूवार को बारां में ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के विजेताओं के सम्मान समारोह एवं  विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने श्री पार्श्वनाथ मानव सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट की ग्रामीण ओलम्पिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत व प्रोत्साहित करने के लिए सराहना की। 

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बारां जिले में 149 करोड़ रूपए के विकास कार्यांे का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा, जल संसाधन और सड़क से जुड़े विभिन्न विकास कार्य शामिल थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व कार्यकाल में बारां में एनटीपीसी का प्लांट लगाया गया। जिले में परवन नदीं पर बांध बनाने का कार्य प्रगति पर है।

ईआरसीपी को मिले राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा-

गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार को जल्द से जल्द पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देना चाहिए। इस परियोजना के बनने से राजस्थान के एक बड़े क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। प्रधानमंत्री स्वयं जयपुर और अजमेर की सभाओं में ईआरसीपी. को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का समर्थन कर चुके है। ईआरसीपी. बनने से ही राज्य के विस्तृत क्षेत्रफल में हर घर नल पहुंचाने के लिए पेयजल स्रोत उपलब्ध हो सकेंगे। राज्य सरकार इस क्रम में नवनेरा और ईसरदा बांधों का निर्माण अपने संसाधनों से कर रही है। ईआरसीपी के माध्यम से राज्य के सीमित सतही जल संसाधनों का पूरा उपयोग हो सकेगा और राज्य के जल को व्यर्थ बहने से रोका जा सकेगा।

इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में आयोजित राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 11 नए खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पीडब्ल्यूडी मंत्री भजन लाल जाटव, खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, खेल एवं युवा मामलात मंत्री अशोक चांदना, पूर्व शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा, विधायक पानाचंद मेघवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। 



Previous
Next

Related Posts