


मथुरा में गुरुवार तड़के वृंदावन के गार्डन होटल में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक कर्मचारी झुलस गया। उसकी हालत गंभीर है। उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। आग होटल की ऊपरी मंजिल के गोदाम में लगी। फिर धीरे-धीरे यह नीचे तक पहुंचने लगी।
होटल की जिस बिल्डिंग में आग लगी वह 3 फ्लोर की है। इसमें पहली में रेस्टोरेंट्स, दूसरी में किचन और तीसरी में गोदाम है। आग की शुरुआत गोदाम से हुई है। वहीं, इसी बिल्डिंग से सटी बगल में दूसरी ब्लॉक है, उसमें 25 कमरे बने हुए हैं। इनमें सूरत और हिसार और जम्मू के पर्यटक ठहरे हुए थे। इनकी श्रीमद भागवत कथा चल रही थी। ओडिशा के भागवत प्रवक्ता भागवत कर रहे थे। आज भागवत कथा का आखिरी दिन था। सुबह तड़के यह हादसा हो गया। होटल मथुरा वृंदावन रोड पर मुख्य मार्ग पर बना हुआ है।
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सुबह होटल के टॉप फ्लोर पर आग लगने की सूचना मिली। जिसकी बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया। टॉप फ्लोर में गोदाम में दो कर्मचारी सो रहे थे। इस दौरान उनकी मौत हो गई। होटल में ठहरे सभी यात्री सुरक्षित हैं। टॉप फ्लोर पर होटल के कागज-फाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा गया था। आग किन कारणों से लगी है। जांच की जा रही है।
आग का पता चलते ही आनन-फानन में 100 पर्यटकों को होटल से रेस्क्यू कर बाहर निकाला। होटल कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी। फायर बिग्रेड के पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
होटल में जिन दो कर्मचारियों की मौत हुई है। उनकी शिनाख्त उमेश) निवासी मथुरा और वीरी सिंह निवासी कासगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह दोनों स्टोर में ही सो रहे थे, वहां भड़की आग से इनको भागने का मौका नहीं मिला। दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं एक अन्य कर्मचारी गंभीर झुलस गए हैं। वह किसी हालत में आग में फंसे इसका पता नहीं चल पाया है। यह होटल बसेरा ग्रुप का है।