


जयपुर नगर निगम ग्रेटर के मेयर पद पर चुनाव की घोषणा होने के साथ ही अब कांग्रेस-भाजपा दोनों राजनीतिक पार्टियों में सक्रियता बढ़ गई है। इन चुनाव में भले ही कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ नहीं है और संख्या बल में भी भाजपा से बहुत कम हो, लेकिन वह आसानी से भाजपा को ये सीट नहीं जीतने देगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक गुरुवार 3 नवंबर को मेयर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होगी। इसी के साथ मेयर पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी राज्य निर्वाचन आयोग ने मेयर पद के लिए नामांकन का समय 3 और 4 नवंबर का निर्धारित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने इस चुनाव को कराने के लिए एडीएम शंकर लाल सैनी को नियुक्ति प्रदान की है। वह चुनाव को संपादित कराएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिसूचना जारी कर दी है और इसी के साथ नगर निगम कार्यालय में चुनाव अधिकारी ने अपना कार्यालय स्थापित कर दिया है। वहीं दूसरी ओर हाईकोर्ट में बर्खास्त मेयर सौम्या गुर्जर के बारे में प्रातः काल 11:00 बजे सुनवाई होगी।अगर कोर्ट चुनाव कराने संबंध में कोई निर्देश जारी करता है तो उसकी अनुपालन की जा सकती है। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद रोका जाना असंभव सा लगता है।
भाजपा में झोटवाड़ा में सुख प्रीत बंसल मेयर प्रत्याशी बनने की दौड़ में है उनके पति ने चार पार्षदों के साथ बुधवार को बैठक की और अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा विधायक दल के उप नेता राजेंद्र राठौड़ उनकी रणनीति में सहयोगी बने हुए हैं। पर्दे के पीछे से संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी उन्हें मेयर बनाने की इच्छुक है। वहीं दूसरी ओर भाजपा रायशुमारी कर मेयर के नाम का निर्णय कर सकती है।
भाजपा ने गुरुवार को अपने पार्षदों की दोपहर 12:00 बजे भाजपा मुख्यालय पर बैठक बुलाई है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा अपने पार्षदों की आज से ही बाड़ाबंदी कर लेगी।फिलहाल भाजपा में सील धाबाई,संजू चौधरी,सुख प्रीति बंसल और भारती लखानीचुनाव प्रत्याशी के रूप में सामने आ सकती हैं। भाजपा ने अपने पार्षदों की चोमू चोमू पैलेस में बड़ेबंदी करने का इंतजाम किया है।
कांग्रेस इस चुनाव में दो प्लान पर काम करने की तैयारी कर रही है। इसमें पहला खुद का उम्मीदवार उतारकर भाजपा के पार्षदों से क्रॉस वोट लेकर सपोर्ट लेना या दूसरा भाजपा के ही किसी पार्षद को समर्थन देकर उसे मेयर बनाना है।
इस बात के संकेत बुधवार को कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने एक बयान में दे दिए। उन्होंने जनवरी 2019 का घटनाक्रम दोहराने के भी संकेत दिए हैं।
जयपुर ग्रेट नगर निगम की दलीय स्थिति : साल 2020 में हुए ग्रेटर नगर निगम के 150 वार्डों के चुनावों में 88 वार्ड में बीजेपी, 49 में कांग्रेस और 13 निर्दलीय जीते थे। आयुक्त से विवाद मामले में 4 पार्षद (तीन बीजेपी, एक निर्दलीय) निलंबित हो चुके हैं। इसलिए अब भाजपा के 85, कांग्रेस के 49 और निर्दलीय 12 पार्षद रहे हैं।
कांग्रेस आसानी से भाजपा को मेयर की सीट नहीं जीतने देगी। खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा जिस तरह देश में पाप कर रही है, उसे पता चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम ग्रेटर में वर्तमान में व्यवस्थाएं फेल हैं। उनके और हमारे कुछ पार्षद पिछले दिनों हमसे मिले भी थे।
भाजपा के कई पार्षद हमारे संपर्क में हैं। यदि भाजपा के लोग हमारे साथ आते हैं और ऐसी परिस्थितियां बनती हैं तो हम मेयर के लिए प्रत्याशी उतारेंगे। हम उनको उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा पार्षदों के साथ-साथ विधायकों में भी नाराजगी है। कांग्रेस में अगर कोई भाजपा का पार्षद आना चाहे तो उनका स्वागत है।कांग्रेस की ओर से गुरुवार को कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, विधायक गंगा देवी, समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन अर्चना शर्मा, रीको के निदेशक को सीताराम अग्रवाल और पुष्पेंद्र भारद्वाज की बैठक बुलाई है इसमें कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी तय करने रणनीति पर विचार होगा और नाम पर मोहर लगेगी। 4 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जाने हैं।7 नवंबर तक नाम वापसी होगी और 10 को होगा मतदान और उसके बाद मतगणना के साथ परिणाम घोषित होंगे।
जनवरी 2019 में कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद जयपुर नगर निगम में ऐसा ही बड़ा उलटफेर किया था। तत्कालीन मेयर अशोक लाहोटी के विधायक बनने के बाद मेयर पद खाली हाे गया था। तब भाजपा के ही चैयरमेन विष्णु लाटा को समर्थन बेकर मेयर बनाया था और उनके मूल प्रत्याशी मनोज भारद्वाज चुनाव हार गए थे।
कांग्रेस की ओर से इस चुनाव में मेयर के पद के लिए इस बार हेमा सिंघानियाा के नाम पर चर्चा चल रही है। सिंघानिया सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 74 से पार्षद का चुनाव जीती हैं। दिव्या सिंह के नाम पर भी चर्चा है, क्योंकि उन्हें नवंबर 2020 में भी सौम्या गुर्जर के सामने प्रत्याशी बनाया था।