


गांधी पथ स्थित जयपुर बाग होटल प्रबंधकों की लापरवाही के चलते होटल की लिफ्ट शनिवार देर रात 11 बजे गिर गई। हादसे के दौरान लिफ्ट में एक ही परिवार के 10 से अधिक लोग मौजूद थे। हालांकि सिविल डिफेंस के प्रयास के बाद उन्हें लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया गया। होटल प्रबंधकों द्वारा समय रहते कोई सहायता नहीं की गई। पीड़ित परिवार ने वैशाली नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ितों ने पुलिस कंट्रोल को घटना की जानकारी दी जिस पर पुलिस और सिविल डिफेंस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे से अधिक समय तक लिफ्ट में फंसे होने के कारण लोगों की हालत खराब हो गई। होटल स्टाफ भी इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं कर सका। वह भी अन्य लोगों की तरह मूकदर्शक बनकर वहां सहायता का इंतजार करने लगा।
सविल डिफेंस ने किया रेस्क्यू पुलिस कंट्रोल से सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस मौके पर पहुंची। टीम ने सवा घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट को ऊपर उठाया। जिसके बाद लिफ्ट में फंसे लोगों की सांस में सांस आई। पीडितों ने करणी विहार थाने में होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कराया है। प्रमोद कुमार अग्रवाल निवासी विद्याधर नगर ने शिकायत में होटल प्रबंध पर लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं कराने का आरोप लगाया है।
एसीपी वैशाली नगर आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि किसी को गम्भीर चोट नहीं लगी हैं लेकिन पीड़ितों की ओर से अंदरूनी चोट की बात कही गई हैं। मेडिकल कराया जाएगा। जिसके बाद जांच शुरू होगी। वहीं होटल प्रबंधन ने बताया कि 15 दिन पहले ही लिफ्ट का मेंटेनेंस कराया था। सूचना पर सिविल डिफेंस की मदद से लिफ्ट को ब्रेक फ्री कर ऊपर खींच कर लोगों को बाहर निकाला था।