


सदर पुलिस थानांतर्गत मोलीपुरा गांव में बनास नदी में अवैध बजरी खनन को लेकर प्राइवेट जीप से पुलिस कर्मियों द्धारा गश्त किए जाने के दौरान रविवार को वजीरपुरा गांव में गाड़ी पर पत्थर फेंकने की वारदात के बाद सदर पुलिस ने दो व्यक्तियों को शांति भंग में गिरफ्तार किया।
सदर टोंक पुलिस थानाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि रविवार की सुबह बनास नदी में गश्त के लिए दीवान शंकर लाल ,हैंड कांस्टेबल हेमराज सहित अन्य पुलिसकर्मी प्राइवेट जीप में गए थे। जिस दौरान वजीरपुरा गांव में मन्दिर के समीप बैठे दो युवकों ने प्राइवेट गाड़ी में बैठे पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके। जिसके बाद पुलिस ने शांति भंग के आरोप में दो युवकों लहन निवासी सोनू गुर्जर और वजीरपुरा निवासी राजाराम को शांति भंग के आरोप में पकड़ा है।
उल्लेखनीय रहे बनास नदी मोलाईपुरा और वजीरपुरा आदि गांवों से रोजाना दर्जनों अवैध बजरी खनन की ट्रेक्टर ट्रॉलियां निकल रही है। इतना ही नही बनास नदी टोंक में बजरी की लीज नही होने के बावजूद धड़ल्ले से अवैध रूप से बजरी का उठाव हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के खिलाफ बजरी का उठाव किया जा रहा है ।इस मामले को पूर्व में देवली-उनियारा के तत्कालीन विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने भी विधानसभा में उठाया था लेकिन रिजल्ट वही ढाक के तीन पात रहा। वैसे तो अवैध बजरी खनन को रोकने के लिए जिला कलक्टर की तरफ से इस मामले से जुड़े विभागों की संयुक्त टीम गठित की गई थी लेकिन वह भी अवैध बजरी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्यवाई नही कर सकी।