


गुजरात के मोरबी में रविवार शाम करीब 7 बजे मच्छु नदी पर केबल पुल टूटने से हादसे में 91 लोगों की मौत हुई है। इनके शव मोरबी के सिविल हॉस्पिटल में पहुंचा दिए गए हैं। मरने वालों में 25 से ज्यादा बच्चे हैं। जबकि, 70 से ज्यादा लोग घायल हैं। 100 लोगों की तलाश अभी भी जारी है। पीएम नरेंद्र मोदी इस समय केवड़िया में हैं, बताया जा रहा है कि वे भी मोरबी जाएंगे। हादसे के कारणों की जांच के लिए 5 सदस्यीय एसआईटी बनाई है।
यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। हाल ही में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से इसके मरम्मत का काम पूरा किया था। दिवाली के एक दिन बाद यानी 25 अक्टूबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर (02822243300) जारी किया है। इसके अलावा घायलों के इलाज के लिए मोरबी और राजकोट हॉस्पिटल में इमरजेंसी वार्ड बनाया गया हैगुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीएम नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में होने वाले अपने रोड शो को रद्द कर दिया ।
ब्रिज के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी ओरेवा ग्रुप के पास है। इस ग्रुप ने मार्च 2022 से मार्च 2037 यानी 15 साल के लिए मोरबी नगर पालिका के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। ग्रुप के पास ब्रिज की सुरक्षा, सफाई, रखरखाव, टोल वसूलने, स्टाफ का प्रबंधन है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गईं और लोगों को नदी से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ब्रिज का रिनोवेशन 5 दिन पहले ही पूरा कर चालू किया गया था।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र और अन्य अधिकारियों से मोरबी में हुए हादसे को लेकर बात की. उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने की मांग की है। उन्होंने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।