

राजसमंद राजनगर स्थित भिक्षु निलयम में शनिवार को भाजपा के नेता पूर्व केबिनेट मंत्री स्व. किरण माहेश्वरी की जयंती पर दीपावली मंगल मिलन और अलौकिक स्मरण दिवस पर भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता और पदाधिकारियों ने भाग लिया। भाजपा के नेताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। सभी ने एक स्वर में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 में होने वाली लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजय बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। वह सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में जुटी है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। कांग्रेस में मतभेद भी है मनभेद है । भाजपा इस मामले में चारित्रिक रूप से मजबूत है। उन्होंने कहा कि भाजपा में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जहां समाज, पार्टी और विचार का प्रश्न आता है तो सभी एक जाजम पर बैठ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के नेतृत्व में सड़क पर भी सरकार के खिलाफ लड़कर सरकार की विदाई करेंगे। इसका आगाज राजसमंद की पावन धरा से हो गया है। यहां 36 कौम के लोग विराजे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता का युग धर्म यहीं है कि कांग्रेस पार्टी को हमेशा के लिए राजस्थान से विदा करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं भविष्य वक्ता नहीं हूं और न ही ज्योतिष जानता हूं लेकिन जिस तरह से सीएम गहलोत की सरकार वैंटीलेटर पर अंतिम सांसे गिन रही है वह शायद 2023 पकड़ पाएगी। इस सरकार की कभी भी विदाई हो सकती है।
प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि व्यक्ति की पहचान काम से बनती है। मैं व्यक्ति को छोड़ सकता हूं, लेकिन पार्टी को कभी नहीं छोड़ सकता हूं। देश की दुदर्शा को देखकर रोना आता था। परिवारवाद में राजनीति डूब गई थी। कांग्रेस ने देश की सीमा पर कमजोर करने का प्रयास किया। ये तो भाजपा के संस्कारों की बदौलत देश का प्रधानमंत्री ऐसा मजबूत आया है जो अब किसी की हिम्मत नहीं होती है। हमारा नेता देश के लिए जीता मरता है इसलिए जनता स्वीकार करती है। सरकार ने कांग्रेस के हर एमएलए को छूट दे रखी है कि तेरी मर्जी आए जो कर मुझे सरकार में रहने दे। उन्होंने कहा कि मैं किसी भी दौड़ में नहीं हूं, लेकिन मैं भष्ट्राचार की भट्टी को खत्म करना चाहता हूं वो आप कार्यकर्ता की बदौलत होगा।
विधानसभा में उप नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में स्टाम्प पर महिलाओं को बेचा जा रहा है। ऐसी घटनाओं से सिर शर्म से झुक जाता है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार अदृश्य हो गई है। सरकार के 200 मिनी मुख्यमंत्रियों ने लूट मचा रखी है। बिजली के दाम बढ़ते जा रहे हैं। लंपी के आह सरकार को लेकर डूबेगी।
भाजपा विधायक अनिता भदेल ने कहा कि कांग्रेस के दिन पूरे हो गए हैं। इन्होंने लंपी में गौवंश तक पर ध्यान नहीं दिया है। इसका खामियाजा इस सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2023 में चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस का नामोनिशान खत्म हो जाना चाहिए।
कुंभलगढ़ भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि स्वर्गीय किरण माहेश्वरी सभी को साथ लेकर चलती थी। उन्होंने कहा कि टिकट की ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए। सभी को एक होकर चुनाव लडऩा चाहिए। वर्तमान में डीएमएपटी फंड सिर्फ नाथद्वारा और भीम के काम आ रहा है, जबकि पहले चारों विधान सभाओं में बराबर काम आता था। उन्होंने कहा कि अधिकारी भी हमारी नहीं सुनते हैं कोई बात नहीं हमारी सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों को जैसलमेर और बाड़मेर भेजा जाएगा।
कांग्रेस सरकार पूरी तरह फेल : सांसद दीया कुमारी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल है। अब 2023 और 2024 के लिए सभी को कमर कस लेनी चाहिए। सभी को एक होकर चुनाव लडऩा है और भाजपा को विजय बनाना है। उन्होंने कहा कि मावली से मारवाड़ का आमान परिवर्तन के लिए रेलमंत्री ने आश्वासन दिया है कि आगामी दो-तीन माह में वर्षो से लंबित मांग पूरी हो जाएगी।
इससे पहले राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह से प्यार और स्नेह बनाए रखने का आशीवार्द मांगा। कार्यक्रम के दौरान किरण माहेश्वरी की जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इससे पहले सभी अतिथियों एवं आमजन ने किरण माहेश्वरी के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की। अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन विनीत सनाढ्य और सत्यनारायण पुर्बिया ने किया।
कार्यक्रम में चित्तौडग़ढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, भीलवाड़ा सांसद सी.पी.जोशी, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष माधव लाल चौधरी, भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष लादू लाल तेली, वल्लभनगर के भाजपा नेता हिम्मत सिंह झाला, पूर्व विधायक बंसीलाल खटीक, जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, उप जिला प्रमुख सोहनी देवी गुर्जर, पद्मश्री सम्मानित श्याम सुंदर मोरवड़,अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष इकराम कुरैशी, पूर्व जिला अध्यक्ष नंदलाल सिंघवी, पूर्व प्रधान भानू पालीवाल, पूर्व सभापति सुरेश पालीवाल, मंदिर मंडल अधिकारी भगवती लाल पालीवाल, मंडल अध्यक्ष सुभाष पालीवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहन कुमावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष सविता सनाढय़्, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष जवाहरलाल जाट सहित सभी मोर्चा पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। किरण स्मृति मंच के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सोनी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।