Saturday, 29 August 2026

रामकथा से समाज को मिलता है सद्भावना का सन्देश : गहलोत


रामकथा से समाज को मिलता है सद्भावना का सन्देश  :  गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि रामकथा के वाचन से समाज में प्रेम, भाईचारे व सद्भावना का सन्देश जाता है, जिसकी वर्तमान समय में सर्वाधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कथाएं देश के कोने-कोने में आयोजित होनी चाहिए।

सीएम गहलोत शनिवार को राजसमन्द के नाथद्वारा में विश्व की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम्’ के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विश्व की विशालतम शिव प्रतिमा के रूप में ‘विश्वास स्वरूपम्’ का निर्माण किया गया है। लगभग दस साल के समय में समर्पण और लगन से निर्मित इस सुन्दर और भव्य शिव प्रतिमा को निर्माताओं द्वारा समाज में एक सकारात्मक सन्देश देने के लिए बनाया गया है। 

सीएम गहलोत ने कहा कि 'देश के अंदर गांधी का अलग संदेश है। पीएम नरेंद्र मोदी कहीं जाते हैं तो लोग कहते हैं कि गांधी के देश से आए हैं। गांधी को हटाकर गुजरात में राजनीति करो। ऐसे में गुजरात बर्दाश्त नहीं करेगा। भाजपा ने पहले गांधी को नहीं अपनाया था। अब अपनाया। केजरीवाल को भी यह बात बाद में समझ आएगी। मोदी जी हर हफ्ते गुजरात जा रहे हैं। क्योंकि हालत खराब हैं। सारे मंत्री नाकारा और निकम्मे हैं। राजस्थान में जो फैसले किए, गुजरात को 11 वचन दिए हैं, वो हम निभाएंगे।'

सीएम गहलोत ने राहुल गांधी को शिव भक्त बताया और कहा कि शिव भक्त कौन हो सकता है, शिव की आराधना करने वाला क्या व्यक्तित्व रखता है। आप जान सकते हो। उनका क्या संदेश है, वह आप भी जानते हो।सीएम  गहलोत ने मुरारी बापू  से कहा कि आज तो आपकी कथा सुनेंगे। हम तो राजनीति में काम करने वाले लोग हैं। मैं आपसे काफी प्रभावित हूं। मैं पहले भी नाथद्वारा आया था। मैं आपसे आग्रह करना चाहता हूं। मदन पालीवाल ने सेवा के रूप में अपनी पहचान बनाई है, लेकिन ये जो गुटखे का बिजनेस करते हैं। उसे छुड़वा दीजिए। ये आपकी आज्ञा से ही छोड़ेंगे। हमारे कहने से नहीं। मैं कई बार कह चूका हूं। ये तंबाकू का धंधा छोड़ दो। ये मानते ही नहीं है। इनकी गलती नहीं है। आपके आदेश को मानेंगे। आपके चरणों में बैठकर आग्रह कर रहा हूं कि आज नहीं तो कल ये मेरी बात पर अमल करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि दस साल की निरन्तर मेहनत व समर्पण से नाथद्वारा में विश्वास स्वरूपम् की स्थापना की गई है। नगरीय विकास मंत्री शान्ति धारीवाल ने कहा कि कड़े परिश्रम से इतनी सुन्दर शिव प्रतिमा का निर्माण नाथद्वारा में किया गया है, जो विश्व की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा है। उन्होंने कहा कि नाथद्वारा में विकास कार्यों के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

बाबा रामदेव बोले- गहलोत साहब ने धर्म संकट खड़ा कर दिया है। मदन जी यदि दूसरा बिजनेस करना है। मैं स्पोर्ट कर लूंगा। मैंने कभी मदन पालीवाल को बोलता हुआ नहीं देखा। 30 साल पहले स्वामी रामदेव को दुनिया में कोई नहीं जानता था, दूर से बैठकर मुरारी बापू को देखा था। बापू की निगाह पड़ी या नहीं पड़ी हमें नहीं पता, लेकिन हमने बापू की ओर निगाह करके देखी। ये साधु विश्व का योग गुरु बन गया।

मदन पालीवाल बोले- मुझे राजनीति के लिए प्रेारित कर रहे हैं। सीएम साहब ने बोला कि इन्हें छोड़ना नहीं है। अगले चुनाव में खड़ा करना है। आज से 36 साल पहले 7 नवंबर 1986 को ईसी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में हनुमंत विराजिए का आयोजन हुआ था। 36 साल पहले ऐसे ही आयोजन में कौ देखने गया था। ऐसा देखा कि अभी देख रहा हूं। मुझे वापस एग्जिट नहीं मिला।

मुरारी बापू ने भये प्रकट कृपाला का उच्चारण करते हुए इस मौके पर कहा- हालांकि यह पंक्तियां भगवान राम के लिए प्रयुक्त हुई है, लेकिन यहां यह पंक्तियां भगवान शिव के लिए प्रयोग करना चाहूंगा। बापू ने कहा कि यहां निमित्त और निर्मित दोनों महादेव है। विश्वनाथ यहां भूमि से नही बल्कि आसमान से उतरे हैं। इसकी सबसे ज्यादा खुशी व्यासपीठ को है।

उन्होंने कहा कि इस प्रतिमा के केन्द्र में विश्वास स्वरूप है। गुरु की कृपा और दृष्टि से इसमें 12 स्वरूपों के दर्शन होते हैं। उन्होंने कहा कि यहां श्रीनाथ से मिलने के लिए विश्वनाथ आए हैं, रसराज से मिलने के लिए नटराज आए हैं। गिरिराज धारी यहां विराजित है और गंगाधारी मिलने आए हैं।

प्रतिमा के सामने मुरारी बापू की कथा का पांडाल बनाया गया है। यह मुरारी बापू की 906 वीं कथा होगी। यहीं से हनुमान चालीसा के साथ सीएम और बापू ने शिव प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस पांडाल में शिव प्रतिमा की रेप्लिका तैयार की गई है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया, सहकारिता मंत्री  उदय लाल आंजना, गृह राज्य मंत्री  राजेन्द्र सिंह यादव, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, राजसमन्द सांसद दीया कुमारी, विधायक सुदर्शन सिंह रावत, राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष बृज किशोर शर्मा सहित देशभर से प्रसिद्ध संत एवं समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

इससे पहले इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सीएम अशोक गहलोत यहां गणेश टेकरी हेलिपैड पर पहुंचे तो विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, मंत्री शांति धारीवाल, लालचंद कटारिया और उदय लाल आंजना ने गहलोत की अगवानी की।



Previous
Next

Related Posts